एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (NBSL) के अनुसार, भीम (BHIM) ऐप के जरिए होने वाले डिजिटल भुगतान में पिछले एक साल के दौरान तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी के मुताबिक, जून 2025 में जहां भीम ऐप पर लगभग 7.96 करोड़ लेनदेन हुए थे, वहीं मई 2026 तक यह संख्या बढ़कर 24.4 करोड़ पहुंच गई। यानी इस अवधि में लेनदेन की मात्रा तीन गुना से भी अधिक हो गई।
हर दिन लाखो लोग ऑनलाइन पेमेंट के लिए भीम ऐप का इस्तेमाल करते हैं।
यह बढ़ोतरी दर्शाती है कि लोग डिजिटल भुगतान के लिए भीम ऐप का पहले से अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। आसान, सुरक्षित और तेज़ भुगतान सुविधा के कारण ऐप की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे ऑनलाइन लेनदेन में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है।
एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (NBSL) की तरफ से शेयर की गई जानाकरी के अनुसार मई 2026 में भीम (BHIM) ऐप के माध्यम से कुल 26,952 करोड़ रुपये के डिजिटल लेनदेन किए गए। तेलंगाना में भी ऐप के उपयोग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली, जहां लेनदेन की वृद्धि राष्ट्रीय औसत के अनुरूप लगभग तीन गुना रही।
राज्य में मई 2026 के दौरान भीम ऐप पर होने वाले व्यावसायिक लेनदेन में सबसे बड़ी हिस्सेदारी किराना दुकानों की रही, जो 23.9 प्रतिशत थी। इसके बाद रेस्तरां और खाने-पीने की जगहों की हिस्सेदारी 18.1 प्रतिशत और क्विक कॉमर्स सेवाओं की हिस्सेदारी 11.6 प्रतिशत दर्ज की गई।
लोग तेजी से डिजिटल पेमेंट को अपना रहे हैं
एनबीएसएल की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ललिता नटराज ने कहा कि तेलंगाना में भीम ऐप की लगातार मजबूत वृद्धि यह दिखाती है कि लोग अपने दैनिक जीवन में डिजिटल भुगतान को तेजी से अपना रहे हैं। उनके अनुसार, खरीदारी, भोजन और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों के लिए डिजिटल भुगतान का उपयोग बढ़ने से राज्य में डिजिटल लेनदेन का दायरा लगातार विस्तार कर रहा है।
ललिता नटराज ने कहा कि सबसे सकारात्मक बात यह है कि भीम ऐप पर होने वाली वृद्धि मुख्य रूप से किराना दुकानों, भोजनालयों और क्विक कॉमर्स जैसी रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े लेनदेन के कारण हो रही है। उनके अनुसार, इससे साफ पता चलता है कि लोग अब दैनिक खरीदारी और छोटे-बड़े खर्चों के लिए भी डिजिटल भुगतान को तेजी से अपना रहे हैं। यह रुझान देश में डिजिटल लेनदेन के बढ़ते भरोसे और व्यापक उपयोग को दर्शाता है।
(इनपुट-भाषा)
