Apple Pro and Tell Event: Apple अगले हफ्ते अपना नया लॉन्च इवेंट आयोजित करने जा रही है। कंपनी ने इसे ‘Pro and Tell’ नाम दिया है। इस इवेंट में पहली बार टचस्क्रीन वाला MacBook पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा, नए MacBook Pro, M6 प्रोसेसर वाले iMac और नए iPad Mini से भी पर्दा उठ सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन डिवाइस के फीचर्स और लॉन्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
28 अक्टूबर को होगा Apple का ‘Pro and Tell’ इवेंट
Apple के वर्ल्डवाइड मार्केटिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ग्रेग जोस्वियाक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके नए इवेंट की जानकारी दी है। टेक क्रिएटर Marques Brownlee की ओर से शेयर किए गए मीडिया इनवाइट के मुताबिक, यह इवेंट 28 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में आयोजित होगा। भारतीय समय के अनुसार, कार्यक्रम रात 10:30 बजे शुरू होगा।
इवेंट के पोस्टर में Apple का लोगो नीले, सफेद, लाल और नारंगी रंगों में दिखाई दे रहा है। ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के मुताबिक, पोस्टर के एनिमेशन में एक उंगली स्क्रीन पर छूकर Apple का लोगो बनाती नजर आती है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इस बार टचस्क्रीन वाले MacBook जैसे नए प्रोडक्ट कैटेगरी के डिवाइस पेश कर सकती है।
पहली बार टचस्क्रीन MacBook लाने की तैयारी
इस इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण Apple का पहला टचस्क्रीन MacBook हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस लैपटॉप में टैंडम OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। टचस्क्रीन की मदद से यूजर स्क्रीन पर सीधे टैप करके काम कर सकेंगे। हालांकि, यह साफ नहीं है कि कंपनी टच कंट्रोल के साथ लैपटॉप के पारंपरिक कीबोर्ड और ट्रैकपैड में क्या बदलाव करेगी। अगर Apple इस डिवाइस को पेश करती है, तो यह MacBook सीरीज के लिए बड़ा बदलाव होगा। अब तक कंपनी के लैपटॉप में मुख्य रूप से कीबोर्ड और ट्रैकपैड के जरिए ही काम करने का विकल्प मिलता रहा है।
नए M6 प्रोसेसर के साथ आ सकता है MacBook Pro
Apple इस इवेंट में MacBook Pro का नया मॉडल भी पेश कर सकती है। इसमें कंपनी का अगला M6 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स में 14 इंच के मॉडल और OLED डिस्प्ले का भी जिक्र किया गया है। अगर ऐसा होता है, तो MacBook Pro में डिस्प्ले टेक्नोलॉजी के लिहाज से बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, कंपनी M6 प्रोसेसर वाला नया iMac भी लॉन्च कर सकती है। हालांकि, इन डिवाइस के बाकी फीचर्स, कीमत और उपलब्धता को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
OLED डिस्प्ले के साथ आ सकता है नया iPad Mini
Mac और MacBook के अलावा, Apple नए iPad Mini पर भी काम कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए टैबलेट में OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। इससे स्क्रीन पर बेहतर रंग और कंट्रास्ट मिलने की उम्मीद है। हालांकि, नए iPad Mini के प्रोसेसर और अन्य फीचर्स के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है।
6 नवंबर से शुरू हो सकती है बिक्री
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इवेंट में पेश किए जाने वाले कुछ नए डिवाइस की बिक्री चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में 6 नवंबर से शुरू हो सकती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन प्रोडक्ट्स की भारत में बिक्री कब शुरू होगी और इनकी कीमत कितनी होगी। इन सभी जानकारियों के लिए Apple की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
