Apple Intelligence: आईफोन निर्माता कंपनी एप्पल अपने एप्पल इंटेलिजेंस फीचर में तेजी से और अधिक भाषाओं को जोड़ रही है। कंपनी ने हाल ही में घोषणा की है कि अगले साल अप्रैल महीने से इसका सॉफ्टवेयर कई अन्य भाषाओं के साथ इंडियन इंग्लिश यानि भारतीय अंग्रेजी भाषा भी सपोर्ट करने लगेगा।
एप्पल इंटेलिजेंस
टेक की दिग्गज कंपनी एप्पल ने घोषणा की है कि आईफोन, आईपैड और मैक उपयोगकर्ताओं के लिए एप्पल इंटेलिजेंस सुविधाओं का पहला सेट अब आईओएस 18.1, आईपैड ओएस 18.1 और मैक ओएस सिकुआ 15.1 के रिलीज के साथ एक मुफ्त सॉफ्टवेयर अपडेट के माध्यम से उपलब्ध है। बता दें कि एप्पल इंटेलिजेंस एक व्यक्तिगत इंटेलिजेंस सिस्टम है। यह भाषा और फोटो को समझ उसे क्रिएट करने के साथ ही रोजमर्रा के कार्यों को आसान और त्वरित बनाने के लिए जानकारी प्राप्त करती है। इसके साथ ही एप्पल एआई प्रणाली गोपनीयता बरकरार रखने में भी मदद करती है।
आज से शुरू हुआ रोलआउट
कंपनी ने कहा, "आज सुविधाओं का पहला सेट उपलब्ध हो गया है, तथा आने वाले महीनों में कई और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।" इसी साल दिसंबर से, एप्पल इंटेलिजेंस ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और यूके में स्थानीयकृत अंग्रेजी के लिए उपलब्ध होगा, और अप्रैल में एक सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ स्थानीय भाषाओं को भी सपोर्ट देने लगेगा। इसके बाद इसमें कई और अपडेट आएंगे।
इन भाषाओं को भी सपोर्ट करेगा एप्पल एआई
आईफोन निर्माता कंपनी ने कहा, "चीनी, अंग्रेजी (भारत), अंग्रेजी (सिंगापुर), फ्रेंच, जर्मन, इतालवी, जापानी, कोरियाई, पुर्तगाली, स्पेनिश, वियतनामी और अन्य भाषाओं को भी ये सपोर्ट करेगा।" एप्पल के सीईओ टिम कुक ने इसकी जानकारी देते हुए बताया, एप्पल इंटेलिजेंस आईफोन, आईपैड और मैक के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा। जो नए अनुभव और उपकरण प्रदान करता है, जो हमारे उपयोगकर्ताओं की जिंदगी को बदल कर रख देगा।
व्यक्तिगत इंटेलिजेंस सिस्टम
उन्होंने कहा, "एप्पल इंटेलिजेंस बरसों की मेहनत के बाद तैयार किया गया है। जिसका ध्येय एआई और मशीन लर्निंग को एप्पल जनरेटिव मॉडल के मूल में रखना है। ये हमारे यूजर्स को एक व्यक्तिगत इंटेलिजेंस सिस्टम देता है, जिसका उपयोग करना आसान है। यह उनकी गोपनीयता की रक्षा भी करता है।"
इनपुट-आईएएनएस
