टेक एंड गैजेट्स

एप्पल ने भारत में तोड़े बिक्री के रिकॉर्ड, सबसे ज्यादा बिका ये iPhone, इस मामले में टॉप पर Vivo

Top Selling Smartphone Model in India: रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2024 में स्मार्टफोन बिक्री सालाना आधार पर एक प्रतिशत की वृद्धि के साथ 15.3 करोड़ इकाई रही है। दिसंबर तिमाही के दौरान एप्पल की मात्रा के लिहाज से हिस्सेदारी सालाना आधार पर नौ प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत हो गई। मात्रा के लिहाज से एप्पल पांचवें स्थान पर रही।

Image

apple iphone

Top Selling Smartphone Model in India: भारत के स्मार्टफोन बाजार में पिछले साल यानी 2024 में आईफोन विनिर्माता एप्पल आपूर्ति मूल्य के मामले में 23 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे रही, जबकि चीन का स्मार्टफोन ब्रांड वीवो मात्रा के लिहाज से सबसे आगे रहा। शोध फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च की बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

दिसंबर तिमाही के दौरान एप्पल की मात्रा के लिहाज से हिस्सेदारी सालाना आधार पर नौ प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत हो गई। मात्रा के लिहाज से एप्पल पांचवें स्थान पर रही। हालांकि, काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुमान के अनुसार, आईफोन विनिर्माता वार्षिक डेटा सेट में शीर्ष पांच स्मार्टफोन ब्रांड में शामिल नहीं है।

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2024 में स्मार्टफोन बिक्री सालाना आधार पर एक प्रतिशत की वृद्धि के साथ 15.3 करोड़ इकाई रही है। काउंटरपॉइंट रिसर्च की वरिष्ठ शोध विश्लेषक शिल्पी जैन ने कहा कि भारत का स्मार्टफोन बाजार परिपक्वता के संकेत दे रहा है, जिसमें पारिस्थितिकी तंत्र में नए उपयोगकर्ताओं के कम प्रवेश से मात्रा प्रभावित हुई है।

जैन ने कहा, “हर साल शुरुआती और मध्यम श्रेणी के स्मार्टफोन में सुधार जारी रहने के कारण फोन बदलने का चक्र बढ़ रहा है। साथ ही, महंगे स्मार्टफोन की ओर रुझान बढ़ रहा है, प्रीमियम खंड के स्मार्टफोन (30,000 रुपये से अधिक कीमत वाले) की बिक्री में दहाई प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई है। इससे थोक मूल्य में नौ प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई है - जो अबतक का सर्वाधिक रिकॉर्ड है।”

काउंटरपॉइंट की स्मार्टफोन बाजार पर मासिक रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर तिमाही में भी वीवो ने देश के स्मार्टफोन बाजार में बढ़त हासिल की और इसकी हिस्सेदारी 20 प्रतिशत हो गई, जो दिसंबर, 2023 की तिमाही में 17 प्रतिशत थी। आलोच्य तिमाही के दौरान, शाओमी 16 प्रतिशत मात्रा हिस्सेदारी के साथ वीवो के बाद दूसरे, सैमसंग 15 प्रतिशत के साथ तीसरे और ओप्पो 14 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर रहा। साल 2024 के वार्षिक मूल्य हिस्सेदारी सूची में, सैमसंग 22 प्रतिशत के साथ एप्पल के बाद दूसरे स्थान पर है। दक्षिण कोरियाई स्मार्टफोन विनिर्माता सैमसंग के बाद वीवो 16 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। ओप्पो की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत और शाओमी की नौ प्रतिशत है।

इनपुट- भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article