Google ने अपने लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉयड 17 के दूसरे बीटा वर्जन (Android 17 Beta 2) को आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है। इससे पहले कंपनी ने इसी महीने एंड्रॉयड 17 का पहला बीटा वर्जन Pixel स्मार्टफोन यूजर्स के लिए रोल आउट किया था। Google का कहना है कि एंड्रॉयड 17 अपडेट का मुख्य फोकस बेहतर परफॉर्मेंस, स्मूथ यूजर एक्सपीरियंस और फोन की परफॉरमेंस को और अधिक बेहतर बनाना है। नए Beta 2 अपडेट में कई नए फीचर्स के साथ-साथ सिक्योरिटी और प्राइवेसी में भी महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं।
Pixel यूजर्स को मिला नया Beta 2 अपडेट
Google ने Android Developers ब्लॉग में जानकारी दी है कि एंड्रॉयड 17 का दूसरा बीटा अपडेट Pixel स्मार्टफोन्स के लिए जारी किया जा चुका है। इस अपडेट में सिस्टम लेवल, प्राइवेसी, यूजर इंटरफेस और परफॉर्मेंस से जुड़े कई सुधार शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य अगले महीने के मध्य तक प्लेटफॉर्म स्टेबिलिटी हासिल करना है, जिससे जल्द ही इसका स्टेबल वर्जन भी जारी किया जा सके।
अब किसी भी ऐप के लिए बना सकेंगे Floating Bubble
Android 17 Beta 2 का सबसे खास फीचर नया ऐप बबल सिस्टम है। अब यूजर्स किसी भी ऐप के लिए फ्लोटिंग बबल बना सकेंगे। इसके लिए यूजर को टास्कबार में ऐप आइकन को लॉन्ग प्रेस करना होगा, जिसके बाद उस ऐप का बबल स्क्रीन पर दिखाई देगा।
यह बबल फीचर मल्टीटास्किंग को और आसान बना देगा। यूजर्स एक साथ कई ऐप्स का इस्तेमाल कर सकेंगे और उन्हें स्क्रीन पर आसानी से मूव भी कर सकेंगे। यह फीचर स्मार्टफोन, टैबलेट और फोल्डेबल डिवाइस तीनों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
नया EyeDropper API: स्क्रीन से सीधे रंग चुनने की सुविधा
Google ने इस अपडेट में नया सिस्टम लेवल EyeDropper API भी जोड़ा है। इस फीचर की मदद से ऐप डेवलपर्स अपने ऐप में ऐसा विकल्प दे सकेंगे, जिससे यूजर स्क्रीन पर मौजूद किसी भी पिक्सल का रंग चुन सकेंगे। इसकी खास बात यह है कि इसके लिए स्क्रीन रिकॉर्डिंग या स्क्रीन कैप्चर की संवेदनशील अनुमति देने की जरूरत नहीं होगी। इससे यूजर की प्राइवेसी बेहतर तरीके से सुरक्षित रहेगी।
Contacts Picker हुआ अधिक सुरक्षित और स्मार्ट
Android 17 Beta 2 में Contacts Picker को भी अपडेट किया गया है। अब यह फीचर ऐप्स को केवल सीमित और अस्थायी (read-only) एक्सेस देगा। इसका मतलब है कि ऐप केवल उतनी ही जानकारी देख पाएगा, जितनी यूजर अनुमति देगा। इससे अनावश्यक परमिशन देने की जरूरत कम होगी और यूजर का डेटा अधिक सुरक्षित रहेगा।
Handoff API: एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर काम जारी रखें
इस अपडेट में Google ने नया Handoff API भी पेश किया है। इसकी मदद से यूजर किसी एक एंड्रॉयड डिवाइस पर शुरू किया गया काम दूसरे एंड्रॉयड डिवाइस पर जारी रख सकेंगे। उदाहरण के लिए, यदि आप अपने फोन पर कोई आर्टिकल पढ़ रहे हैं और उसे बड़े स्क्रीन पर पढ़ना चाहते हैं, तो आप टैबलेट पर उसी जगह से पढ़ना जारी रख सकते हैं। यह फीचर Apple के Handoff फीचर की तरह काम करता है, जो iPhone, iPad और MacBook के बीच आसान ट्रांजिशन प्रदान करता है।
SMS OTP सुरक्षा हुई और मजबूत
Android 17 Beta 2 में OTP सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। अब यह सुरक्षा केवल WebOTP मैसेज तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सभी प्रकार के OTP मैसेज पर लागू होगी। नए सिस्टम के तहत, जिन ऐप्स को WebOTP मैसेज एक्सेस करने की अनुमति नहीं है, वे OTP प्राप्त होने के तीन घंटे बाद ही उसे एक्सेस कर पाएंगे। इससे OTP चोरी या धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
बेहतर परफॉर्मेंस और यूजर एक्सपीरियंस
इन सभी नए फीचर्स के अलावा Android 17 Beta 2 में सिस्टम परफॉर्मेंस, बैटरी एफिशिएंसी और यूजर इंटरफेस में भी कई सुधार किए गए हैं। इससे फोन पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और उपयोग में आसान हो जाएगा।
