टेक एंड गैजेट्स

Amazon Referral Fees: अमेजन का बड़ा दाव, 1.2 करोड़ से अधिक प्रोडक्ट पर नहीं लेगा रेफरल फीस

Amazon referral fee: अमेजन ने ‘ईजी शिप’ और ‘सेलर फ्लेक्स’ जैसी बाह्य पूर्ति सर्विस का उपयोग करने वाले विक्रेताओं के लिए एक नई ‘फ्लैट’ दर भी पेश की है। बयान के अनुसार, राष्ट्रीय शिपिंग दरें अब 77 रुपये से घटकर 65 रुपये से शुरू होती हैं। कंपनी ने कहा कि ये संशोधित शुल्क सात अप्रैल से लागू होंगे।

Image

Amazon Referral Fees

Amazon referral fee: ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया ने सोमवार को उसके प्लेटफार्म पर 300 रुपये से कम कीमत वाले 1.2 करोड़ से अधिक प्रोडक्ट पर ‘रेफरल’ शुल्क नहीं लेने की घोषणा की। बता दें कि ‘रेफरल’ फीस एक तरह का ‘कमीशन’ है जो विक्रेता प्रत्येक बेचे गए प्रोडक्ट के लिए अमेजन देते हैं।

कंपनी के बयान में कहा कि इस कदम का मकसद छोटे बिजनेस का समर्थन करना और अमेजन पर विक्रेताओं की वृद्धि को बढ़ावा देना है। अमेजन इंडिया के बिक्री साझेदार (सर्विस) के निदेशक अमित नंदा ने कहा, ‘‘ करोड़ों प्रोडक्ट पर रेफरल शुल्क समाप्त कर और शिपिंग लागत कम कर हम विक्रेताओं के लिए अमेजन डॉट इन पर बिक्री को और अधिक आकर्षक बना रहे हैं। यह पहल अमेजन पर विक्रेताओं की वृद्धि का समर्थन करती है..।’’

नंदा ने कहा, ‘‘ जैसे-जैसे हम अपने परिचालन में दक्षता हासिल करते हैं, हम यह सुनिश्चित करते हैं कि वे लाभ हमारे विक्रेताओं और ग्राहकों तक पहुंचें।’’ शून्य ‘रेफरल’ फीस 135 प्रोडक्ट कैटेगरी जैसे कपड़े, जूते, फैशन आभूषण, किराना, घरेलू सजावट व साज-सज्जा, ब्यूटि प्रोडक्ट, खिलौने, रसोई का सामान और पालतू पशुओं का सामान आदि पर लागू होगा।

अमेजन ने ‘ईजी शिप’ और ‘सेलर फ्लेक्स’ जैसी बाह्य पूर्ति सर्विस का उपयोग करने वाले विक्रेताओं के लिए एक नई ‘फ्लैट’ दर भी पेश की है। बयान के अनुसार, राष्ट्रीय शिपिंग दरें अब 77 रुपये से घटकर 65 रुपये से शुरू होती हैं। ‘फ्लैट’ दर शिपिंग एक मूल्य निर्धारण मॉडल है, जिसमें निर्धारित सीमा के भीतर, पैकेजों के वजन, आकार या दूरी पर ध्यान दिए बिना शिपिंग के लिए एक निश्चित लागत ली जाती है।

कब से लागू होगा नियम

वहीं ‘ईजी शिप’ एक आपूर्ति माध्यम है, जहां अमेजन विक्रेताओं के स्थान से पैकेज एकत्र करता है और उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाता है। ‘सेलर फ्लेक्स’ के हिस्से के तहत अमेजन विक्रेताओं के गोदाम के एक हिस्से को अमेजन पूर्ति केंद्र के रूप में रखता है। इसके अलावा, अमेजन ने एक किलोग्राम से कम वजन वाले हल्के सामानों पर ‘हैंडलिंग’ शुल्क में 17 रुपये तक की कटौती की है, जिससे विक्रेताओं द्वारा भुगतान किया जाने वाला शुल्क कम हो गया है। कंमनी ने कहा कि ये संशोधित शुल्क सात अप्रैल से लागू होंगे। अमेजन के ‘मार्केटप्लेस’ पर 16 लाख से अधिक विक्रेता हैं।

इनपुट- भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article