टेक एंड गैजेट्स

प्राइम मेंबर को भी अब Amazon Music में दिखेंगे विज्ञापन! खत्म हुआ Unlimited Ad-Free म्यूजिक का दौर

Amazon का यह कदम Prime Video में किए गए बदलावों जैसा माना जा रहा है। पहले Prime मेंबर्स बिना विज्ञापन के वीडियो स्ट्रीमिंग का आनंद लेते थे, लेकिन बाद में विज्ञापन-मुक्त एक्सपेरियंस के लिए अतिरिक्त शुल्क का विकल्प जोड़ा गया।

Image

प्राइम मेंबर को भी अब Amazon Music में दिखेंगे विज्ञापन, खत्म हुआ Ad-Free म्यूजिक का दौर

Amazon ने भारत में अपने म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के लिए नया Amazon Music Unlimited सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने Amazon Prime मेंबर्स को मिलने वाले Amazon Music फायदे में भी बड़ा बदलाव किया है। अगले महीने से Prime यूजर्स को म्यूजिक सुनते समय सीमित विज्ञापन देखने और सुनने पड़ सकते हैं, जबकि पूरी तरह विज्ञापन-मुक्त अनुभव के लिए अलग से सब्सक्रिप्शन लेना होगा।

Amazon Music Unlimited की कीमत कितनी है?

Amazon Music Unlimited प्लान की कीमत भारत में गैर-Prime यूजर्स के लिए 199 रुपये प्रति माह रखी गई है। वहीं Amazon Prime सदस्य अपने मौजूदा Prime सब्सक्रिप्शन के अलावा केवल 99 रुपये प्रति माह अतिरिक्त भुगतान करके इस नए प्लान में अपग्रेड कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह प्लान उन यूजर्स के लिए तैयार किया गया है जो बिना किसी विज्ञापन के उच्च गुणवत्ता वाले ऑडियो का अनुभव चाहते हैं।

नए प्लान में मिलेंगे ये खास फायदे

Amazon Music Unlimited सब्सक्राइबर्स को 10 करोड़ से अधिक गानों और पॉडकास्ट की लाइब्रेरी तक पहुंच मिलेगी। इसके अलावा उन्हें पूरी तरह विज्ञापन-मुक्त म्यूजिक स्ट्रीमिंग का लाभ मिलेगा। इस प्लान में HD और Ultra HD ऑडियो क्वालिटी, Spatial Audio और Dolby Atmos जैसी प्रीमियम सुविधाएं भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, यूजर्स अपने पसंदीदा गाने और पॉडकास्ट ऑफलाइन सुनने के लिए डाउनलोड भी कर सकेंगे।

Prime यूजर्स के लिए क्या बदलेगा?

जो Prime सदस्य Music Unlimited में अपग्रेड नहीं करेंगे, उन्हें अभी की तरह पूरे म्यूजिक और पॉडकास्ट कैटलॉग का एक्सेस मिलेगा, लेकिन उसमें सीमित विज्ञापन दिखाए जाएंगे। इसके अलावा Prime यूजर्स को HD और Ultra HD ऑडियो, Spatial Audio, Dolby Atmos और ऑफलाइन डाउनलोड जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलेंगी। कंपनी ने बताया है कि ये बदलाव 2 जुलाई से लागू हो जाएंगे।

जल्द आएगा मुफ्त Amazon Music प्लान

Amazon ने यह भी घोषणा की है कि वह जल्द ही भारत में Amazon Music Free नाम से एक नया फ्री टियर लॉन्च करेगी। यह सेवा विज्ञापन वाली होगी और यूजर्स को बिना किसी शुल्क के Amazon Music की पूरी लाइब्रेरी तक पहुंच देगी। यह मॉडल काफी हद तक Spotify के फ्री प्लान जैसा होगा, जहां यूजर्स मुफ्त में गाने सुन सकेंगे लेकिन बीच-बीच में विज्ञापन भी चलेंगे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article