देशभर में एयरटेल का नेटवर्क ठप होने की खबर है। आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector के अनुसार, अधिकांश एयरटेल यूजर्स ने अपने मोबाइल फोन से जुड़ी समस्याओं (56 प्रतिशत) की शिकायत की, जबकि 26 प्रतिशत को मोबाइल इंटरनेट में दिक्कत और 18 प्रतिशत को नो सिग्नल की समस्या का सामना करना पड़ा।
अपडेट- करीब दो घंटे बाद कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा- 'हमारे दिल्ली-एनसीआर के ग्राहकों को पिछले एक घंटे से वॉइस कॉलिंग में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का बड़ा हिस्सा पहले ही हल किया जा चुका है और हमारी इंजीनियरों की टीम शेष समस्या को पूरी तरह से दूर करने में जुटी हुई है। इस असुविधा के लिए हम गहरा खेद व्यक्त करते हैं।'
यह नेटवर्क समस्या शाम करीब 3:30 बजे से तेजी से बढ़ी और अब तक 3000 से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। प्रभावित शहरों में दिल्ली, सूरत, मुंबई, हैदराबाद, नागपुर, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता और अन्य बड़े शहर शामिल हैं।

airtel down
इस स्थिति पर एयरटेल ने बयान जारी करते हुए कहा- "हम वर्तमान में नेटवर्क आउटेज का सामना कर रहे हैं। हमारी टीम इस समस्या को हल करने और सेवाओं को शीघ्र बहाल करने पर सक्रिय रूप से काम कर रही है। हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। धन्यवाद- टीम एयरटेल।", हालांकि जब हमने पेज को रिफ्रेश किया तो पोस्ट डिलीट कर दिया गया है।
इस बीच, हजारों नाराज यूज़र्स ने एलन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शिकायतें दर्ज कीं। कई लोगों ने मीम्स और व्यंग्यात्मक पोस्ट के ज़रिए अपनी नाराज़गी जाहिर की। अचानक हुए इस आउटेज ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी है।
