टेक एंड गैजेट्स

AI से लैस धांसू डिवाइस लॉन्च, जासूसी की भनक लगते ही मोबाइल का माइक्रोफोन कर देगा जाम

कंपनी का दावा है कि Spectre I लगभग 2 मीटर की दूरी तक काम कर सकता है। इस दायरे में मौजूद माइक्रोफोन अगर किसी बातचीत को रिकॉर्ड करने की कोशिश करते हैं, तो डिवाइस द्वारा भेजे गए खास सिग्नल उनकी रिकॉर्डिंग को स्पष्ट रूप से कैप्चर नहीं होने देते।

Image

Deveillance Spectre I

तकनीक की दुनिया में एक नया और दिलचस्प डिवाइस चर्चा में है, जो आसपास मौजूद माइक्रोफोनों की रिकॉर्डिंग को रोकने का दावा करता है। सैन फ्रांसिस्को के स्टार्टअप Deveillance ने एक पोर्टेबल एंटी-सर्विलांस डिवाइस पेश किया है, जिसका नाम Spectre I रखा गया है। कंपनी का कहना है कि यह टेबल-टॉप डिवाइस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आसपास मौजूद माइक्रोफोनों को पहचान सकता है और उनकी रिकॉर्डिंग को प्रभावित कर सकता है।

AI तकनीक से माइक्रोफोन की पहचान

कंपनी के अनुसार Spectre I एक स्मार्ट सिस्टम की तरह काम करता है। यह डिवाइस आसपास मौजूद माइक्रोफोनों का पता लगाकर उनका डेटा लॉग करने में सक्षम बताया जा रहा है। स्टार्टअप की सीईओ Aida Baradari ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर पोस्ट के जरिए इस डिवाइस की घोषणा की। उन्होंने इसे ऐसा स्मार्ट डिवाइस बताया जो अनचाही ऑडियो रिकॉर्डिंग को रोकने के लिए डिजाइन किया गया है।

2 मीटर तक काम करने का दावा

कंपनी का दावा है कि Spectre I लगभग 2 मीटर की दूरी तक काम कर सकता है। इस दायरे में मौजूद माइक्रोफोन अगर किसी बातचीत को रिकॉर्ड करने की कोशिश करते हैं, तो डिवाइस द्वारा भेजे गए खास सिग्नल उनकी रिकॉर्डिंग को स्पष्ट रूप से कैप्चर नहीं होने देते।

बताया जा रहा है कि यह डिवाइस ऐसे सिग्नल उत्सर्जित करता है जो इंसानों को सुनाई नहीं देते, लेकिन माइक्रोफोन के लिए ऑडियो को विकृत कर देते हैं। माना जा रहा है कि इसके लिए अल्ट्रासोनिक फ्रीक्वेंसी जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है।

प्राइवेसी सुरक्षा के लिए बनाया गया डिवाइस

कंपनी के अनुसार इस डिवाइस का उद्देश्य यूजर्स की प्राइवेसी को सुरक्षित रखना है। इसका उपयोग उन परिस्थितियों में किया जा सकता है जहां किसी व्यक्ति को आशंका हो कि उसकी बातचीत को रिकॉर्ड किया जा रहा है। स्टार्टअप का कहना है कि यह डिवाइस कंपनियों द्वारा विज्ञापन के लिए की जाने वाली संभावित निगरानी, कॉर्पोरेट जासूसी या संगठित निगरानी जैसी स्थितियों से बचाव में मदद कर सकता है।

दावों के समर्थन में अभी सबूत नहीं

हालांकि कंपनी ने कई बड़े दावे किए हैं, लेकिन अभी तक इन दावों के समर्थन में कोई स्वतंत्र परीक्षण या थर्ड-पार्टी प्रमाण सामने नहीं आया है। इसके अलावा यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह डिवाइस हर तरह के माइक्रोफोन- जैसे स्मार्टफोन, वायर्ड माइक्रोफोन या अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस पर कितना प्रभावी होगा।

कीमत और उपलब्धता

जो लोग इस डिवाइस को खरीदना चाहते हैं, वे अभी से इसकी प्री-बुकिंग कर सकते हैं। Spectre I की कीमत लगभग 1,199 डॉलर (करीब 1.14 लाख रुपये) रखी गई है। कंपनी के अनुसार प्री-ऑर्डर के लिए दिया गया जमा पैसा रिफंडेबल होगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article