Smartphone Buying Tips: भारत में अब फेस्टिव सीजन की शुरुआत होने वाली है। दरअसल, फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह स्मार्टफोन पर जबरदस्त ऑफर्स मिलते हैं। ई-कॉमर्स कंपनियां बैंक डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और नो-कॉस्ट ईएमआई जैसी स्कीमें लाती हैं, वहीं ब्रांड्स भी खुद कीमतों में कटौती करते हैं। अगर आप सही समय और सही ऑफर का फायदा उठाएं, तो फ्लैगशिप स्मार्टफोन की खरीद पर 10,000 से 20,000 तक और बजट फोन पर 4000-5000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। यहां हम आपको 5 तरीके बता रहे हैं।
ऐसे 5 स्मार्ट तरीके, जिनसे आप कम कीमत में स्मार्टफोन खरीद सकते हैं। फोटो-Canva
1. बैंक ऑफर्स और कैशबैक का फायदा
फेस्टिव सेल्स के दौरान HDFC, ICICI और SBI जैसे बड़े बैंकों के क्रेडिट और डेबिट कार्ड पर 10% तक का इंस्टेंट डिस्काउंट मिलता है। इसके अलावा फ्लिपकार्ट एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड के साथ भी 5% कैशबैक देता है। इसके अलावा कई बार कैशबैक ऑफर्स भी एक्टिव रहते हैं, जो आपके स्मार्टफोन की असली कीमत को और घटा देते हैं।
2. एक्सचेंज ऑफर से बड़ी बचत
अगर आपके पास पुराना स्मार्टफोन है तो उसे एक्सचेंज में देकर नए फोन की कीमत को काफी कम किया जा सकता है। कुछ ई-कॉमर्स साइट्स और ब्रांड स्टोर्स अतिरिक्त एक्सचेंज बोनस भी देते हैं, जिससे आप बचत के साथ काफी कम कीमत में नया फोन खरीद सकते हैं।
3. नो-कॉस्ट ईएमआई और बाय नाउ पे लेटर
त्योहारी सीजन में ज्यादातर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नो-कॉस्ट ईएमआई की सुविधा देते हैं। यानी आप बिना अतिरिक्त ब्याज चुकाए हर महीने किस्तों में फोन खरीद सकते हैं। यानी कि आप फोन की उसी कीमत को आसान किस्तों में चुका सकते हैं। इसके अलावा BNPL (Buy Now Pay Later) स्कीम भी शॉर्ट टर्म फाइनेंस ऑप्शन के दौर पर ग्राहकों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
4. प्राइस ड्रॉप और फ्लैश सेल्स पर नजर रखें
अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी वेबसाइट्स फेस्टिव सीजन में फ्लैश सेल्स और प्राइस ड्रॉप का ऐलान करती हैं। कई बार सीमित समय के लिए फोन की कीमत 20-25% तक घटा दी जाती है। सही समय पर अलर्ट रहकर आप प्रीमियम फोन भी बजट में ले सकते हैं। सबसे बड़ी डील आपको दिवाली से पहले वाली सेल में देखने मिल सकती हैं।
5. ब्रांड और एक्सक्लूसिव ऑफर
कई बार स्मार्टफोन ब्रांड्स खुद अपनी वेबसाइट या रिटेल स्टोर्स पर स्पेशल फेस्टिव ऑफर देते हैं। इनमें एक्स्ट्रा वारंटी, फ्री एक्सेसरीज या लॉयल्टी बोनस शामिल हो सकते हैं। ऐसे एक्सक्लूसिव ऑफर्स का फायदा उठाकर खरीदी और भी सस्ती हो जाती है।
