देश के सभी हिस्सों में जल्द मिलेगी 4G कनेक्टिविटी। (फोटो क्रेडिट-PTI)
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के मुताबिक, देश में जल्द ही सभी क्षेत्रों में 4जी कनेक्टिविटी पहुंचाने का लक्ष्य है और जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों समेत कई जगहों पर अगले साल तक 12 हजार 4जी टॉवर लगाए जाएंगे। सिंधिया ने लोकसभा में जम्मू कश्मीर से निर्दलीय सदस्य अब्दुल रशीद शेख के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के मुताबिक, देश में जल्द ही 4जी कनेक्टिविटी सभी क्षेत्रों में पहुंचाना है। ‘इस लिहाज से पिछले एक वर्ष में करीब 25 हजार टॉवर लग चुके हैं।’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाकी 12 हजार टॉवर लगाने का कार्य प्रगति पर है और इन्हें अगले साल तक लगा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये टॉवर जम्मू कश्मीर के ऐसे क्षेत्रों में भी लगाए जाने हैं जहां नेटवर्क की समस्या है। सिंधिया ने मोबाइल टॉवर लगने में देरी के लिए राज्य सरकार से अनुमति की जरूरत और सर्वे आदि कारक गिनाए।
आपको बता दें कि दूरसंचार विभाग ने 28 नवंबर को अपने एक आदेश में स्मार्टफोन मेकर कंपनियों को सभी नए मोबाइल फोन्स में संचार साथी ऐप प्री इंस्टाल करके देने की बात कही थी। इसके साथ ही पुराने फोन्स में सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए इस ऐप का सपोर्ट देने को कहा था। सरकार के इस फैसले पर विपक्ष जासूसी करने का आरोप लगा रहा था। अब इसको लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने संसद के शीतकालीन सत्र में बड़ी बात कही। ज्योतिरादित्य संधिया ने संचार साथी ऐप को लेकर कहा कि इस ऐप से जासूसी करना किसी भी तरह से संभव नहीं है और न ही इससे जासूसी होगी। आपको बता दें कि अब सरकार की तरफ से फोन में इस ऐप के प्री इंस्टालेशन की जरूरत को खत्म कर दिया गया है।
(इनपुट-भाषा)