UP Teen Saved Toddler From Monkey Attack: हर जगह अब टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो रहा है। लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि टेक्नोलॉजी की मदद से 13 साल की बच्ची बंदरों के हमले को रोक सकती है। दरअसल, यूपी की एक बच्ची ने Alexa की मदद से बंदर को भगा दिया। 13 साल की इस बच्ची की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। चलिए जानते हैं पूरा मामला।
13 साल की बच्ची ने ऐसे बचाई नन्ही मासूम की जान
यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सामने आया है। घटना दिन की शुरुआत में हुई जब निकिता बस्ती के आवास विकास कॉलोनी में अपने घर के अंदर सोफे पर अपनी 15 महीने की भतीजी के साथ खेल रही थी, जबकि घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में थे। उसी समय बंदर घर में घुस आया और बर्तन उठाकर खाने की तलाश करने लगा जिससे दहशत का माहौल पैदा हो गया।
'एलेक्सा कुत्ते की आवाज निकालो'
निकिता डर गई, लेकिन जैसे ही बंदर ने उनके पास आने की कोशिश की तो उसकी नजर फ्रिज पर रखे एलेक्सा पर पड़ी। उसने तुरंत एलेक्सा को कूत्ते की तरह भौंकने के लिए कहा। जैसे ही डिवाइस ने जोर से भौंकने की आवाज निकाली, बंदर डर गया और बालकनी से बाहर भाग गया। घटना के बारे में बताते हुए निकिता की मां शिप्रा ओझा ने कहा कि निकिता की तत्परता ने दोनों बच्चियों को बंदर के हमले से बचा लिया।
Alexa का इससे सही इस्तेमाल नहीं हो सकता
बता दें कि एलेक्सा अमेजन का क्लाउड-आधारित वॉयस इंटरएक्टिव वॉयस असिस्टेंट है जो आपकी बोलने पर काम कर सकता है। यानी आप बोलोंगे और यह काम कर देगा। इसकी मदद से मौसम की जानकारी, न्यूज, म्यूजिक सुन सकते हैं और अन्य स्मार्ट डिवाइस को कंट्रोल किया जा सकता है। शिप्रा ओझा ने एएनआई को बताया "एलेक्सा डिवाइस के इतने अच्छे इस्तेमाल से दोनों की जान बच गई, हम दूसरे कमरे में थे लेकिन बेटी निकिता की समझदारी के कारण उसने एलेक्सा से कुत्ते की आवाज निकालने को कहा और आवाज सुनकर बंदर भाग गया।"
