जागरेब: ज्लात्को डालिच ने लगातार दो विश्व कप में क्रोएशिया को शीर्ष तीन में जगह दिलाने के बाद टीम के कोच का पद छोड़ दिया है। डालिच ने बुधवार को राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ के इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए बयान में कहा,'मैं संतुष्ट मन से जा रहा हूं, मुझे क्रोएशियाई फुटबॉल की अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में अपने योगदान पर गर्व है। मैं अपने उत्तराधिकारी, राष्ट्रीय टीम और क्रोएशियाई फुटबॉल को और भी कई सफलताओं की शुभकामनाएं देता हूं।'
9 साल बाद डालिच ने छोड़ा क्रोएशिया का साथ
यह घोषणा विश्व कप के राउंड ऑफ 32 में क्रोएशिया की पुर्तगाल के हाथों 2-1 की हार के एक हफ्ते से भी कम समय बाद की गई। डालिच ने कहा, 'मैंने हमेशा कहा है कि अपनी राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व करने से बड़ा कोई सम्मान नहीं है और इससे अधिक महत्वपूर्ण, जिम्मेदारी वाला और खूबसूरत काम मेरे लिए कोई और नहीं हो सकता। हाल के दिनों में मिले समर्थन ने मुझे अपने पद छोड़ने के फैसले पर फिर से सोचने के लिए प्रेरित किया लेकिन अब समय आ गया है। भले ही मेरे अंदर अब भी क्रोएशिया के साथ नई सफलताएं लिखने की महत्वाकांक्षा और इच्छा है लेकिन मुझे लगता है कि इस शानदार दौर को खत्म करने का यही सही समय है।'
ये रहा कभी नहीं भूलने वाला सफर
महासंघ ने डालिच के कार्यकाल को ’कभी नहीं भूलने वाला सफर’ बताया और कहा कि उनका जाना एक ’गर्व से भरी विदाई’ है। महासंघ ने ’एक्स’ पर कहा,'लगभग नौ साल बाद मुख्य कोच ज्लात्को डालिच ने क्रोएशिया के साथ अपने बेहद सफल अध्याय को समाप्त करने का फैसला किया है।' उन्होंने कहा, 'मुख्य कोच को हर चीज के लिए धन्यवाद- जीत, उपलब्धियां, क्वालीफाइंग स्थान, पदक, एकता, सम्मान और मैदान के अंदर और बाहर क्रोएशिया के लिए लड़ने का आपका अटूट समर्पण।'
