ज्युरिख:हाल ही में बुडापेस्ट में 88.17 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर वर्ल्ड चैंपियन का खिताब हासिल करने वाले भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा अपना ये जादू ज्यूरिख डायमंड लीग में बरकरार नहीं रख पाए। नीरज को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। नीरज ज्यूरिख डायमंड लीग में 85.71 मीटर दूर भाला फेंक सके। ये दूरी उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में हासिल की जो कि गोल्ड मेडल दिलाने के लिए नाकाफी रही। 15 सेंटीमीटर के अंतर से नीरज गोल्ड मेडल अपने नाम करने से चूक गए।
15 सेमी के अंतर से गोल्ड से चूके
नीरज चोपड़ा ने गुरुवार को धीमी शुरुआत की और पहले प्रयास में 80.79 मीटर की दूरी हासिल कर सके। इसके बाद अगले दो प्रयास उनके फाउल रहे। चौथे प्रयास में चोपड़ा ने 85.82 मीटर की दूरी हासिल की। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ दूरी 85.71 आखिरी प्रयास में हासिल की। चेक रिपब्लिक के वेडलेक 85.86 मीटर की दूरी के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम करने में सफल रहे। जर्मनी के वेबर को 85.04 मीटर दूरी तर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल हुआ।
नहीं पूरी हुई गोल्डन हैट्रिक, फाइनल्स में पक्की की जगह
नीरज चोपड़ा अगर ज्युरिख में स्वर्ण पदक जीत लेते तो वो डायमंड लीग में गोल्डन हैट्रिक पूरी कर लेते लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इससे पहले उन्होंने ba लगातार दो स्वर्ण पदक डायमंड लीग में जीत चुके थे। लेकिन इस बार उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। इसी साल मई में दोहा और जून मे लुसाने डायमंड लीग में नीरज ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। भले ही नीरज गोल्ड मेडल नहीं हासिल कर सके लेकिन उन्होंने यूजिन में 16 और 17 सितंबर को होने वाले डायमंड लीग फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
लंबी कूद में पांचवें स्थान पर रहे श्रीशंकर
लंबी कूद में भारत के मुरली श्रीशंकर को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। मुरली ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ डायमंड लीग में शुरुआत की। पहले प्रयास में उन्होंने 7.99 मीटर की दूरी हासिल की। वो इसके आगे नहीं बढ़ सके।
