स्पोर्ट्स

Women's Asia Cup 2025: भारत को महिला एशिया कप में मिली पहली हार, चीन ने 4-1 से दी मात

भारतीय महिला हॉकी टीम को विमेंस एशिया कप 2025 में पहली बार हार का सामना मेजबान चीन के खिलाफ करना पड़ा है। चीन की दीवार भारतीय टीम नहीं कर पाई पार।

Image

भारत बनाम चीन (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

हांगझोउ: भारतीय महिला हॉकी टीम को एशिया कप में पहली पराजय का सामना करना पड़ा जब सुपर 4 चरण के मैच में बृहस्पतिवार को मेजबान चीन ने उसे 4 -1 से हराया। भारत के लिये एकमात्र गोल मुमताज खान ने 39वें मिनट में किया जबकि चीन के लिये झोउ मेइरोंग (चौथा और 56वां मिनट), चेन यांग (31वां) और तान जिंझुयांग (49वां) ने गोल दागे। भारतीय टीम पूल चरण में अपराजेय रही थी। उसने थाईलैंड और सिंगापुर को हराया जबकि जापान से ड्रॅा खेला। सुपर 4 चरण के पहले मैच में उसने कोरिया को 4-2 से हराया था।

सुपर 4 की शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को फाइनल खेलेंगी। एशिया कप के विजेता को 2026 महिला विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा जो बेल्जियम और नीदरलैंड में होना है। भारतीय टीम मौकों को भुनाने में नाकाम रही और तीन में से एक भी पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सकी। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने हमले बोलकर मौके बनाये। चीन ने बढ़त बनाने में सफलता अर्जित की जब चौथे मिनट में मेइरोंग ने रिबाउंड पर गोल दाग दिया।

भारत को दसवें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन चीन के डिफेंडरों ने गोल नहीं होने दिया। दूसरे क्वार्टर में भी काफी मौके बने लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। आखिरी पांच मिनट में भारतीय खिलाड़ियों ने रफ्तार बढ़ाई और चीनी डिफेंस पर लगातार दबाव बनाये रखा। भारत को 27वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन फिर नाकामी हाथ लगी।

तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में चीन ने गोल दागकर दबाव और बढा दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने ही सर्कल में यांग को गेंद तोहफे में दे दी जिसने आसान गोल किया। चीन को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन निशाना चूक गया। मुमताज ने इस बीच 39वें मिनट में गोल करके भारत की उम्मीदें जगाई। लालरेम्सियामी ने सर्कल पर उन्हें गेंद सौंपी और बैकहैंड शॉट पर उन्होंने गोल दागा।

इसके कुछ पल बाद ही मेइरोंग ने जवाबी हमला किया जिसे भारतीय गोलकीपर बिछू देवी ने बचाया। आखिरी क्वार्टर में चीन ने 47वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। वहीं मेइरोंग ने 56वें मिनट में एक और गोल करके चीन की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी। भारत को अब शुक्रवार को जापान से खेलना है जिसे जीतकर टीम फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित करना चाहेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article