लंदन: ऑल इंग्लैंड क्लब के अधिकारियों ने गुरुवार को घोषणा की कि विंबलडन की कुल पुरस्कार राशि बढ़कर रिकॉर्ड पांच करोड़ पाउंड (लगभग 5 अरब 33 करोड़ रुपये) हो जाएगी जिसमें प्रत्येक एकल चैंपियन को 27 लाख पाउंड (लगभग 28.81 करोड़ रुपये) मिलेंगे।
कुल इनामी राशि पिछले साल की तुलना में 53 लाख पाउंड (लगभग 56.6 करोड़ रुपये) अधिक है जो 11.9 प्रतिशत की वृद्धि है। यह 10 साल पहले इस ग्रासकोर्ट ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में प्रतियोगियों को दी गई दो करोड़ 50 लाख पाउंड से दोगुनी है।
इस साल टिकटों की है बड़ी मांग
ऑल इंग्लैंड क्लब की नई अध्यक्ष डेबोरा जेवांस ने कहा कि टिकटों की मांग इस साल से अधिक कभी नहीं रही। इस साल के विजेताओं को मिलने वाली राशि में प्रत्येक वर्ग में 3,50,000 पाउंड (3 करोड़ 73 लाख) की बढ़ोतरी हुई है जो 14.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
एकल दौर में हारने वाले प्लेयर को मिलेंगे 64 लाख रुपये
एकल के पहले दौर में हारने वाले खिलाड़ियों को 2023 में 55,000 पाउंड (58 लाख रुपये) से बढ़ाकर 60,000 पाउंड (लगभग 64 लाख रुपये) मिलेंगे। क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के लिए पुरस्कार 14.9 प्रतिशत बढ़कर 48 लाख पाउंड (51.2 करोड़ रुपये) हो जाएगा।
