भारतीय गोल्फर वाणी कपूर ने शुक्रवार को दिल्ली गोल्फ क्लब में दमदार वापसी करते हुए हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के नौंवे चरण का खिताब अपने नाम कर लिया। वाणी ने अंतिम दौर के आखिरी 10 होल में पांच बर्डी लगाकर सबको पीछे छोड़ दिया। वाणी ने टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन खेल दिखाया। पहले दौर में उन्होंने 70 और दूसरे दौर में 68 का कार्ड खेला था। फाइनल राउंड में वे शुरुआत से ही आक्रामक रहीं और पांच अंडर 67 का शानदार स्कोर बनाया। तीनों राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 11 अंडर 205 रहा। इस स्कोर के साथ वाणी ने युवा अन्वी दहिया को तीन शॉट से हराया।
वाणी कपूर (फोटो साभार- letgolf)
अन्वी दहिया ने भी किया प्रभावित
अपना पहला प्रो टूर्नामेंट खेल रही अन्वी दहिया ने भी प्रभावित किया। अन्वी ने तीनों दिन 70-69-69 का कार्ड खेला और आठ अंडर 208 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहीं। जीत से चूकने के बावजूद उनका प्रदर्शन काबिलेतारीफ रहा। 36 होल के बाद बढ़त पर चल रही अनुभवी अमनदीप द्राल अंतिम दिन दबाव में बिखर गईं। पहले दो दिन 68-68 का कार्ड खेलने वाली अमनदीप ने फाइनल राउंड में 72 का स्कोर किया। सातवें होल पर बोगी और आठवें होल पर डबल बोगी ने उन्हें खिताब की रेस से बाहर कर दिया। 14वें होल पर एक और डबल बोगी हुई। हालांकि 10वें होल पर ईगल लगाकर उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन शुरुआती नुकसान की भरपाई नहीं हो सकी। अमनदीप भी आठ अंडर के साथ अन्वी के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- मिस्र की फुटबॉल टीम का भव्य स्वागत, अर्जेंटीना से रोमांचक मुकाबले में मिली थी हार
रिद्धिमा दिलावड़ी नहीं दिखीं लय में
जैस्मीन शेखर 72-67-70 और नयनिका सांगा 73-66-70 के कार्ड के साथ सात अंडर 209 के कुल स्कोर पर संयुक्त चौथे स्थान पर रहीं। इस सत्र में तीन खिताब जीत चुकीं रिद्धिमा दिलावड़ी इस बार लय में नहीं दिखीं और संयुक्त नौंवे स्थान पर रहीं। टूर्नामेंट में कुल 58 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 35 ने 36 होल के बाद कट हासिल किया। वाणी कपूर की यह जीत अनुभव और दबाव में संयम का बेहतरीन नमूना रही। आखिरी 10 होल में जिस तरह उन्होंने पांच बर्डी लगाई, उसने खिताब की दिशा तय कर दी।
