स्पोर्ट्स

चार बार की ओलंपिक चैंपियन वीनस विलियम्स का बुरा हाल, US ओपन के पहले दौर से हुईं बाहर

Venus Williams Out Of US Open 2026: वीनस के लिए यह US ओपन बहुत खास था। यह उनका 26वां US ओपन और कुल 96वां ग्रैंड स्लैम था। 1997 में जब वह सिर्फ 17 साल की थीं, तब उन्होंने इसी कोर्ट पर फाइनल खेला था।

Image

यूएस ओपन के पहले दौर से बाहर हुईं वीनस विलियम्स (फोटो साभार- US Open Tennis/x)

Venus Williams Out Of US Open 2026: अमेरिका की महान टेनिस खिलाड़ी वीनस विलियम्स US ओपन 2026 के पहले ही दौर से बाहर हो गई हैं। 46 साल की वीनस को 27 साल की सोफिया केनिन ने सीधे सेटों में 6-2, 7-6 से हरा दिया। यह मैच सोमवार देर रात आर्थर ऐश स्टेडियम में खेला गया। मैच शुरू ही रात 12 बजकर 13 मिनट पर हुआ। वजह थी इससे पहले नोवाक जोकोविच का मैच, जो 4 घंटे 36 मिनट तक चला था और जिसमें जोकोविच पहले दौर में ही हार गए थे। इसी कारण वीनस का मैच इतना लेट शुरू हुआ और रात 2 बजकर 1 मिनट पर खत्म हुआ।

4 बार की ओलंपिक चैंपियन को मिली हार

मैच की शुरुआत में केनिन बहुत तेज दिखीं। उन्होंने सिर्फ 32 मिनट में पहला सेट 6-2 से जीत लिया। दूसरे सेट में भी वो 4-2 से आगे हो गईं। उनके पास 5-2 करने का मौका भी था। लेकिन इसके बाद वीनस ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने अनुभव का इस्तेमाल किया और लगातार अच्छे शॉट मारे। उन्होंने 4-4 से बराबरी कर ली और फिर टाई-ब्रेक तक मैच को ले गईं। स्टेडियम में बैठे लोग देर रात तक वीनस का नाम चिल्ला रहे थे। टाई-ब्रेक में तो ऐसा लगा कि वीनस वापसी कर लेंगी। वो 6-2 से आगे थीं और उनके पास सेट जीतने के कई मौके थे।

सोफिया केनिन ने वीनस विलियम्स को हराया

हालांकि, केनिन ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने लगातार 6 पॉइंट जीते और सेट 8-6 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। सोफिया केनिन 2020 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुकी हैं। अब उनका सामना दूसरे दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला से होगा। यह वीनस की लगातार 14वीं हार है। उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2025 में कोई सिंगल्स मैच जीता था। ग्रैंड स्लैम की बात करें तो उन्होंने आखिरी जीत 2021 में विंबलडन में हासिल की थी। उसके बाद से वह 6 ग्रैंड स्लैम खेल चुकी हैं और हर बार पहले दौर में बाहर हो गईं।

96वां ग्रैंड स्लैम खेल रही थीं वीनस

वीनस के लिए यह US ओपन बहुत खास था। यह उनका 26वां US ओपन और कुल 96वां ग्रैंड स्लैम था। 1997 में जब वह सिर्फ 17 साल की थीं, तब उन्होंने इसी कोर्ट पर फाइनल खेला था। 29 साल बाद उन्हें इस बार वाइल्ड कार्ड से खेलने का मौका मिला था। हालांकि सिंगल्स में हार के बाद भी वीनस का टूर्नामेंट खत्म नहीं हुआ है। वह अपनी छोटी बहन सेरेना विलियम्स के साथ डबल्स में खेलेंगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article