स्पोर्ट्स

US Open 2023: खिताबी जीत से फिर चूके रोहन बोपन्ना, डबल्स फाइनल में मिली हार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Sep 9, 2023, 12:28 AM IST

भारत के रोहन बोपन्ना का ओपन इरा में सबसे अधिक उम्र में ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले टेनिस खिलाड़ी बनने का सपना यूएस ओपन के पुरुषों की युगल स्पर्धा के फाइनल में टूट गया।

Image

रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन

Photo : AP

न्यूयॉर्क: भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना का टेनिस इतिहास के सबसे उम्रदराज ग्रैंड स्लैम खिताब विजेता बनने का ख्वाब फिर अधूरा रह गया। 43 साल 6 महीने की उम्र में अमेरिकी ओपन 2023 के पुरुष युगल फाइनल में अपने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन के साथ फाइनल में पहुंचकर ही इतिहास रच दिया था। बोपन्ना ओपन इरा में ग्रैंडस्लैम फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। उनके पास खिताब जीतकर इस उपलब्धि पर चार चांद लगाने का मौका था लेकिन अमेरिका के राजीव राम और जो सेलिसबरी की जोड़ी ने उनका सपना तोड़ दिया।

पहला सेट जीतने बाद गंवाया खिताब

बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन की जोड़ी को खिताबी मुकाबले में अमेरिकी जोड़ी के खिलाफ 2-6, 6-3, 6-4 के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा। पहला सेट जीतने के बाद बोपन्ना-एबडेन की जोड़ी लड़खड़ा गई और अगले दो सेट के साथ खिताब भी गंवा दिया।

13 साल बाद भी झोली रही खाली

साल 2010 में बोपन्ना यूएस ओपन के पुरुष युगल फाइनल में पहुंचे थे लेकिन उस बार भी उनकी झोली खाली रही थी। 13 साल बाद दूसरी बार बोपन्ना फाइनल में पहुंचे लेकिन उनका पुरुष युगल में गैंडस्लैम चैंपियन बनने का ख्वाब फिर अधूरा रह गया। बोपन्ना अपने करियर में केवल एक ग्रैंडस्लैम खिताब जीत सके। साल 2017 में वो फ्रेंच ओपन का मिक्स्ड डबल्स में गेब्रियेला डैबरोवस्की के साथ जीतने में सफल रहे थे। साल 2018 और 2023 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में मिक्स्ड डबल्स के उपविजेता रहे थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article