स्पोर्ट्स

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल पर धुएं का साया, खराब एयर क्वालिटी ने बढ़ाई चिंता

रविवार देर रात डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल में खतरनाक धुएं का असर कितना होगा ये तो वक्त बताएगा, लेकिन इससे पहले स्पेन की टीम ने गुरुवार को इसी खराब एयर क्वालिटी के बीच खुले मैदान पर अभ्यास किया।

Image

अर्जेंटीना और स्पेन फीफा वर्ल्ड कप फाइनल (साभार-AI)

कनाडा में लगी जंगलों की भीषण आग (Wildfires) का कहर अब अमेरिका के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में उत्तरी न्यू जर्सी भी शामिल है, जहां रविवार देर रात डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले स्पेन के खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने इस पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वे धुएं को देख और महसूस कर सकते हैं, लेकिन उनका पूरा ध्यान फाइनल मुकाबले पर है। मेरिनो ने दो नॉकआउट मुकाबलों में गोल दागकर स्पेन को यहां पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। शुक्रवार उन्होंने कहा 'विश्व कप फाइनल जैसे बड़े मैच में बाहरी परिस्थितियों को जितना हो सके नजरअंदाज करना जरूरी है। हमारी टीम, फेडरेशन और आयोजक हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रख रहे हैं।"

खतरनाक हवाओं के बीच हुआ अभ्यास

फाइनल में खतरनाक धुएं का असर कितना होगा ये तो वक्त बताएगा, लेकिन इससे पहले स्पेन की टीम ने गुरुवार को इसी खराब एयर क्वालिटी के बीच खुले मैदान पर अभ्यास किया। यह अभ्यास उस वक्त किया गया जब वायु गुणवत्ता (Air Quality) खतरनाक स्तर पर थी। कई विशेषज्ञों ने सवाल उठाया कि टीम को इनडोर अभ्यास करना चाहिए था। हालांकि, इस पर फीफा और स्पेनिश फुटबॉल महासंघ ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

फाइनल के दिन कैसी रहेगी स्थिति

शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ था। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के पूर्वानुमान के अनुसार मैच के दिन वायु गुणवत्ता "मध्यम (Moderate)" रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को भारी बारिश (करीब 3.17 सेंटीमीटर) के बाद जंगलों की आग का धुआं फिर से न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी की ओर बढ़ सकता है और अगर ऐसा हुआ तो फाइनल मैच पर इसका असर दिख सकता है।

कोपरनिकस एटमॉस्फियर मॉनिटरिंग सर्विस के वरिष्ठ वैज्ञानिक मार्क पैरिंगटन ने कहा कि यदि आग की तीव्रता बढ़ती है तो रविवार तक फिर से धुआं क्षेत्र में पहुंच सकता है। उन्होंने सलाह दी कि प्रदूषित हवा में लोगों को बाहरी गतिविधियां और भारी व्यायाम कम से कम करना चाहिए।

80,000 फैंस की मौजूदगी में होगा फाइनल

रविवार को होने वाले फीफा वर्ल्ड कप में न्यू जर्सी के मैदान पर 80,000 दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में मैच के दौरान वायु गुणवत्ता खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए अहम मुद्दा बनी हुई है।

ट्रंप और इन्फेंटिनो की बैठक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो से मुलाकात की। रिपोर्टों के अनुसार, व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इस दौरान धुएं से जुड़े संभावित स्वास्थ्य जोखिमों पर भी चर्चा की और इससे बचने के उपायों के बारे में भी जाना।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article