स्पोर्ट्स

यूरोपीय फुटबॉल में बड़ा उलटफेर, 10 खिलाड़ियों वाली लेंस टीम ने दिग्गज PSG को हराकर फ्रेंच सुपर कप जीता

Lens Beat PSG To Win French Super Cup: सिर्फ 10 खिलाड़ियों तक सीमित हुए लेंस फुटबॉल क्लब ने एक बड़ा व यादगार नतीजा अपने नाम कर लिया, जब उन्होंने दिग्गज फ्रेंच टीम पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) को शिकस्त देकर फ्रेंच सुपर कप का खिताब जीता।

Image

लेंस फुटबॉल क्लब ने पीएसजी को हराकर जीता फ्रेंच सुपर कप (X/PSG)

फुटबॉल जगत में उलटफेर कब हो जाए और कौन सी टीम कर दे ये किसी को पता नहीं होता। पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) जो यूरोपीय फुटबॉल की सबसे दिग्गज टीमों में शुमार की जाती है और सबसे महंगी टीमों में से एक है, उसे एक बड़े उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। लेंस टीम जो कि सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर थी, उसने पेरिस सेंट-जर्मेन को 1-0 से हराकर अपना पहला फ्रेंच सुपर कप जीतकर दुनिया को चौंका दिया है।

रविवार को फ्लोरियन थाउविन के गोल की मदद से 10 खिलाड़ियों वाली लेंस टीम ने पेरिस सेंट-जर्मेन को 1-0 से हराकर पहली बार फ्रेंच सुपर कप जीता। थाउविन ने 32वें मिनट में गोल किया। काइलियन एंटोनियो को एक फाउल के लिए बाहर भेजे जाने के बाद 39वें मिनट से एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद लेंस ने अपनी बढ़त बनाए रखी और जीत हासिल की।

फ्रेंच कप विजेता लेंस पिछले सीज़न में फ्रेंच लीग में PSG के बाद दूसरे स्थान पर रही थी और अपने प्रतिद्वंद्वी से छह अंक पीछे थी। लगातार पांचवीं बार फ्रेंच सुपर कप जीतने की कोशिश कर रही PSG के नूनो मेंडेस को 87वें मिनट में बाहर कर दिया गया। PSG ने बुधवार को UEFA सुपर कप में एस्टन विला को 2-1 से हराया था।

लेंस ने नए कोच डिनो टॉपमोलर के नेतृत्व में फ्रेंच सुपर कप जीता। उन्हें पियरे सेज के क्रिस्टल पैलेस जाने के बाद जून में नियुक्त किया गया था। फ्रांस के नए कोच व पूर्व विश्व कप विजेता खिलाड़ी ज़िनेदिन ज़िडान फाइनल मैच के लिए लेंस के स्टेड बोलाएर्ट-डेलेलिस स्टेडियम में मौजूद थे।

गौरतलब है कि हाल ही में मेजर लीग सॉकर में भी लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली इंटर मियामी टीम को भी उलटफेर का शिकार होना पड़ा था जब वो अपने से कमजोर टीम लियोन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article