स्पोर्ट्स

FIFA World Cup: स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई

Switzerland vs Algeria, FIFA World Cup 2026: स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम 16 में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड अगला मुकाबला कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। राउंड ऑफ 16 का मैच अगले मंगलवार को वैंकूवर में खेला जाएगा।

Image

स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को हराकर फीफा वर्ल्ड कप अंतिम-16 में जगह बनाई

Photo : AP

Switzerland vs Algeria: ब्रिल एम्बोलो और डैन एनदोये के गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम 16 में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड अगला मुकाबला कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। राउंड ऑफ 16 का मैच अगले मंगलवार को वैंकूवर में खेला जाएगा।

स्विट्जरलैंड ने 1938 में फ्रांस में खेले गए विश्व कप के बाद नॉकआउट राउंड का कोई मैच नहीं जीता था, लेकिन 1954 में उसकी टीम ने प्लेऑफ मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। स्विट्जरलैंड की टीम पिछले तीन विश्व कप में अंतिम 16 में पहुंची थी लेकिन इससे आगे बढ़ने में नाकाम रही।

अल्जीरिया 2014 के बाद पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा था। वह 2014 में नॉकआउट राउंड तक पहुंचा था, लेकिन तब जर्मनी से हार गया था।अल्जीरिया ने बृहस्पतिवार की रात को खेले गए मैच में शुरुआती 10 मिनट तक दबदबा बनाए रखा था, लेकिन यहां पर स्विट्जरलैंड ने बढ़त बनाई और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।

बेहतरीन फॉर्म में चल रहे योहान मंज़ाम्बी गेंद लेकर दाहिनी ओर से तेजी से आगे बढ़े और उन्होंने एम्बोलो को शानदार क्रॉस दिया। एम्बोलो को उस पर गोल करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। एम्बोलो ने अपने 26वें अंतरराष्ट्रीय गोल का जश्न घुटनों के बल फिसलते हुए मनाया। स्विट्जरलैंड ने दूसरे हाफ के शुरू होते ही अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरा हाफ शुरू हुए अभी एक मिनट भी नहीं हुआ था कि एनदोए ने बॉक्स के ऊपरी हिस्से से एक जोरदार शॉट लगाया। अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान ने गोता लगाकर उसे रोकने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।

फैबियन रीडर के पास 81वें मिनट में स्विट्जरलैंड के लिए तीसरा गोल करने का सुनहरा मौका था। जब गेंद तेजी से अल्जीरिया के गोल के पास से निकल रही थी तो उन्हें उसे केवल दिशा देनी थी लेकिन वह इसमें असफल रहे। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो मैच देखने आए थे। यह उनका दिन का दूसरा मैच था। इससे पहले वह कैलिफोर्निया के इंगलवुड में स्पेन और ऑस्ट्रिया के बीच खेले गए मैच को भी देखने पहुंचे थे।

अल्जीरिया कैनसस सिटी में शनिवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलने के बाद अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहकर अगले दौर में पहुंचा था। इस परिणाम से दोनों टीमें नॉकआउट राउंड में पहुंच गईं थी जबकि ईरान टूर्नामेंट से बाहर हो गया था।

अल्जीरिया के मौजूदा मुख्य कोच व्लादिमीर पेटकोविच ने 2014 से 2021 तक स्विट्जरलैंड को कोचिंग दी थी और 2018 में रूस में खेले गए विश्व कप में टीम को नॉकआउट राउंड में भी पहुंचाया था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article