स्पोर्ट्स

Swiss Open: नहीं थम रहा पीवी सिंधू का खराब दौर, स्विस ओपन के दूसरे दौर में 38वें रैंक की खिलाड़ी से हारीं

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 24, 2023, 01:03 PM IST

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू का बुरा दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। स्विस ओपन बैडमिंटन के दूसरे दौर में उन्हें 38वीं रैंक की खिलाड़ी के सामना हार का सामना करना पड़ा।

Image

पीवी सिंधू

Photo : Twitter

बासेल: ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधू महिला एकल के दूसरे दौर में इंडोनेशिया की गैर वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वारदानी से तीन गेम तक चले रोमांचक मैच में हार कर बाहर हो गईं जिससे उनका स्विस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने का सपना भी चकनाचूर हो गया। विश्व में नौवें नंबर की खिलाड़ी और यहां चौथी वरीयता प्राप्त सिंधू को 38वीं रैंकिंग की वारदानी से 15-21, 21-12, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह इन दोनों खिलाड़ियों के बीच पहला मुकाबला था।

क्वार्टर फाइनल में पहुंची सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी

लेकिन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दूसरी वरीयता प्राप्त पुरुष जोड़ी ने कड़े मुकाबले में ताइवान की फेंग चीह ली और फेंग जेन ली की जोड़ी पर 12-21, 21-17, 28-26 से जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करके भारत की उम्मीदें बरकरार रखी। विश्व में छठे नंबर की इस भारतीय जोड़ी का अगला मुकाबला डेनमार्क के जेपी बे और लासे मोल्हेडे की जोड़ी से होगा।

किंदाबी और एसएस प्रणय पहले ही हो चुके हैं बाहर

इससे पहले गुरुवार को दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी और पांचवें वरीय एचएस प्रणय दूसरे दौर में फ्रांस के गैरवरीय क्रिस्टो पोपोव से सीधे गेम में 8-21, 8-21 से हारकर बाहर हो गए। एक अन्य भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को हांगकांग के चेउक यिउ ली से 22-20, 21-17 के हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ भी दूसरे दौर में चीनी ताइपे के चिया हाओ ली से 19-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गए।

लगातार नाकाम हो रही हैं सिंधू

स्विस ओपन से पहले सिंधू को मलेशिया ओपन, इंडिया ओपन और ऑल इंग्लैंड ओपन में पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन पिछली बार स्विस ओपन का खिताब जीतने वाले सिंधू इस बार दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहीं लेकिन उससे आगे बढ़ने में नाकाम रहीं। कोरियाई कोच से अलग होने के बाद से उनका खेल पटरी पर वापस नहीं आ पा रहा है।

End of Article