स्पोर्ट्स

24 April 2023 सुर्खियां खेल की: जीत के रथ पर सवार होने को तैयार हैदरबाद के नवाब, क्रिकेट के भगवान को मिला स्पेशल बर्थडे गिफ्ट

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 24, 2023, 05:20 PM IST

24 April 2023 सुर्खियां खेल: आईपीएल के 34वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजर जीत पर होगी, क्योंकि हैदराबाद को लगातार दो मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी, जबकि दिल्ली जीत के रथ पर सवार होकर इस मुकाबले तक पहुंची है।

Image

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी और सचिन तेदुलकर। (फोटो - सनराइजर्स हैदराबाद और सचिन तेंदुलकर के ट्विटर से)

Photo : Twitter

24 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो इंडियन प्रीमियर लीग के 34वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होने वाला है। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है, क्योंकि दोनों टीमों का मौजूदा सीजन में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है। वहीं, दूसरी ओर क्रिकेट के फैंस सुबह से क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रतिष्ठित सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में सोमवार को उनके नाम पर एक गेट का अनावरण किया गया। इसी बीच, मैनचेस्टर यूनाइटेड ने विक्टर लिंडेलोफ के विजयी गोल की मदद से ब्राइटन को पेनल्टी शूटआउट में 7-6 से हराकर एफए कप फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला अपने चिर प्रतिद्वंदी मैनचेस्टर सिटी से होगा।

हैदराबाद का आज होगा दिल्ली से सामना

आईपीएल के 34वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मुकाबला हैदराबाद के होम ग्राउंड पर खेला जाएगा। हैदराबाद की टीम हारे के सिलसिले पर ब्रेक लगाने उतरेगी, जबकि दिल्ली की टीम जीत के रथ पर सवार होकर यहां तक पहुंची है। हैदराबाद की टीम 4 अंक के साथ पॉइंट टेबल में 9वें बजे तक है, जबकि दिल्ली की टीम 2 अंक के साथ टेबल में सबसे नीचे 10वें नंबर पर है।

एससीजी में तेंदुलकर के नाम पर गेट का अनावरण

महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 50वें जन्मदिन के अवसर पर प्रतिष्ठित सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में सोमवार को उनके नाम पर एक गेट का अनावरण किया गया। तेंदुलकर सोमवार को 50 वर्ष के हो गए हैं। उन्होंने एससीजी में पांच टेस्ट मैचों में 157 की औसत से 785 रन बनाए जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 241 रहा। तेंदुलकर ने भारत के बाहर एससीजी को अपना पसंदीदा क्रिकेट मैदान करार दिया।

तेंदुलकर ने एससीजी द्वारा जारी बयान में कहा, ‘भारत के बाहर सिडनी क्रिकेट ग्राउंड मेरा पसंदीदा मैदान रहा है। ऑस्ट्रेलिया के 1991-92 में मेरे पहले दौरे से ही लेकर एससीजी से मेरी कुछ खास यादें जुड़ी हैं।’

बार्सिलोना ने रोका एटलेटिको का विजय अभियान

बार्सिलोना ने एटलेटिको मैड्रिड के पिछले छह मैचों से चले आ रहे विजय अभियान को रोककर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में खिताब जीतने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। बार्सिलोना ने फेरान टोरेस के 44वें मिनट में किए गए गोल की मदद से एटलेटिको को 1-0 से हराया, जिससे वह चार साल में पहली बार स्पेनिश लीग का खिताब जीतने के करीब पहुंच गया है। बार्सिलोना के 30 मैचों में 76 अंक हैं और उसने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रियाल मैड्रिड पर 11 अंक की बढ़त हासिल कर ली है। रियल मैड्रिड के 30 मैचों में 65 अंक हैं। अभी आठ दौर के मैच होने बाकी हैं।

पीजीए टूर चैंपियंस में 11वें स्थान पर रहे अटवाल

भारतीय गोल्फर अर्जुन अटवाल ने पीजीए चैंपियंस टूर (50 साल से अधिक उम्र वालों के लिए) के अपने पदार्पण वर्ष में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त 11वां स्थान हासिल किया। पीजीए टूर जीतने वाले एकमात्र भारतीय अटवाल ने पिछले महीने अपना 50वां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने 54 होल की इस प्रतियोगिता में 70-68-70 के कार्ड खेले तथा फुल पांच अंडर 208 का स्कोर बनाया। अटवाल की योजना मुख्य पीजीए टूर में खेलने के अलावा सीनियर की कुछ प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेना है। वह अगले सप्ताह मैक्सिको ओपन में हिस्सा लेंगे।

यूनाइटेड और सिटी में होगा एफए कप का फाइनल

मैनचेस्टर यूनाइटेड ने विक्टर लिंडेलोफ के विजयी गोल की मदद से ब्राइटन को पेनल्टी शूटआउट में 7-6 से हराकर एफए कप फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला अपने चिर प्रतिद्वंदी मैनचेस्टर सिटी से होगा। मैनचेस्टर यूनाइटेड और ब्राइटन के बीच दूसरा सेमीफाइनल नियमित समय तक गोल रहित रहा जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। यह पहला अवसर होगा, जबकि एफए कप के फाइनल में मैनचेस्टर यूनाइटेड और मैनचेस्टर सिटी आमने-सामने होंगे। सिटी ने शनिवार को पहले सेमीफाइनल में शेफील्ड यूनाइटेड को 3-0 से हराया था। सिटी के पास यूनाइटेड के 1999 के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका होगा। यूनाइटेड ने तब एक ही सत्र में प्रीमियर लीग, चैंपियंस लीग और एफए कप के खिताब जीते थे।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article