स्पोर्ट्स

28 April 2023 सुर्खियां खेल की: लखनऊ के नवाबों को पटखनी देने को तैयार पंजाब, केकेआर का एक खिलाड़ी आपात स्थिति में लौटा स्वदेश

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 28, 2023, 05:15 PM IST

28 April 2023 सुर्खियां खेल: इंडियन प्रीमियर लीग के 38वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मुकाबला काफी रोमांच मुकाबला हो सकता है। लखनऊ के खिलाफ पंजाब जीत की लय को बरकरार रखने उतरेगी।

Image

पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाड़ी। (फोटो - IPl/BCCI)

28 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो आज क्रिकेट फैंस के साथ फुटबॉल फैंस के लिए भी खुशखबरी है। आईपीएल में शुक्रवार को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स को पटखनी देने की तैयारी में है। मौजूदा सीजन में इससे पहले भी लखनऊ के खिलाफ पंजाब जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं, फुटबॉल फैंस के लिए खबर यह है कि भारत की अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम ने अपने स्पेन दौरे में मेड्रिड में खेले गए एक अभ्यास मैच में एटलेटिको मैड्रिलिनो अंडर-16 टीम को 2-1 से हराया। इसी बीच, कोलकाता नाइटराइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम का खिलाड़ी लिटन दास पारिवारिक आपात स्थिति के कारण स्वदेश लौट गए हैं। केकेआर की तरफ से इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

पंजाब का आज सामना होगा लखनऊ से

आईपीएल के 38वें मैच में पंजाब किंग्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मुकाबला मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब का घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है। इससे पहले पंजाब की टीम घर में तीन मैच खेलने उतरी है। इसमें पंजाब को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है। लखनऊ की टीम एक बार फिर फॉर्म में चल रही है। कुल 8 अंकों के साथ लखनऊ पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर है, जबकि पंजाब की टीम 8 अंक के साथ छठे नंबर पर है।

केकेआर के विकेटकीपर स्वदेश लौटे

बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास पारिवारिक आपात स्थिति के कारण स्वदेश लौट गए हैं और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की तरफ से इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। केकेआर की टीम के एक अधिकारी ने कहां, ‘उनके परिवार में कोई आपात चिकित्सा स्थिति आ गई है, जिसके कारण वह आज सुबह ढाका रवाना हो गए। वह कब तक वापसी करेंगे इसको लेकर कोई जानकारी नहीं है।’ इस 28 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज को केकेआर ने पिछले साल नीलामी में उनके आधार मूल्य 50 लाख रुपए में खरीदा था। उन्होंने आईपीएल में केवल एक मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला था।

भारत के अंडर-17 ने एटलेटिको मैड्रिलिनो अंडर-16 को हराया

भारत की अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम ने अपने स्पेन दौरे में मेड्रिड में खेले गए एक अभ्यास मैच में एटलेटिको मैड्रिलिनो अंडर-16 टीम को 2-1 से हराया। भारत की अंडर 17 फुटबॉल टीम थाईलैंड में जून में होने वाले एएफसी अंडर 17 एशियाई कप की तैयारियों के लिए इस समय स्पेन में है और वहां अभ्यास मैचों के जरिए अपनी तैयारी कर रही है।

ओम प्रकाश संयुक्त रूप से 61वें स्थान पर

भारत के ओम प्रकाश चौहान ने अबू धाबी चैलेंज गोल्फ के शुरुआती दौर के आखिरी होल में बर्डी लगाकर इवन पार 72 का स्कोर किया। पहली बार विदेशी धरती पर यूरोपियन चैलेंज टूर स्पर्धा में खेल रहे चौहान संयुक्त रूप से 61 वें स्थान पर है। उन्होंने दो बोगी और दो बर्डी लगाए। शुरुआती दिन के खेल के बाद इंग्लैंड के टॉम लुईस आठ अंडर के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर है।

बार्सिलोना लगातार तीसरी बार महिला चैंपियंस लीग के फाइनल में

बार्सिलोना ने कैंप नोउ में 72000 घरेलू दर्शकों के सामने चेल्सी को 1-1 से ड्रॉ पर रोककर लगातार तीसरी बार महिला चैंपियंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया। बार्सिलोना ने शनिवार को लंदन में पहले चरण के सेमीफाइनल में 1-0 से जीत दर्ज की थी और इस तरह से वह 2-1 के कुल योग से जीत हासिल करने में सफल रहा। बार्सिलोना पिछले साल फाइनल में लियोन से हार गया था लेकिन इससे पछले साल उसने चेल्सी को हराकर पहली बार महाद्वीपीय खिताब जीता था।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article