08 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो आईपीएल के 16वें सीजन का तीसरा डबल हेडर आज खेला जाएगा। इस डबल हेडर में क्रिकेट का एल क्लासिको यानी चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मुंबई अपने होम ग्राउंड का फायदा उठाकर जीत का खाता खोलने के इरादे से उतरेगी। वहीं, छह बार के एशियाई चैम्पियनशिप मेडलिस्ट शिवा थापा और 2019 एशियाई चैम्पियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट दीपक भोरिया 30 अप्रैल से 14 मई तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने वाली आगामी पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम की अगुआई करेंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले राष्ट्रीय टीम के शिविर के लिए 35 संभावित खिलाड़ियों की घोषणा की है, जिसमें पूर्व कप्तान रानी रामपाल को जगह नहीं दी गई है।
आईपीएल का तीसरा डबल हेडर आज
आईपीएल के तीसरा डबल हेडर मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। डबल हेडर के पहला मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। वहीं, दूसरा मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस और दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। मौजूदा आईपीएल में मुंबई इंडियंस के घरेलू मैदान पर यह पहला मुकाबला है।विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारतीय टीम की अगुआई करेंगे शिवा-दीपक
छह बार के एशियाई चैम्पियनशिप मेडलिस्ट शिवा थापा और 2019 एशियाई चैम्पियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट दीपक भोरिया 30 अप्रैल से 14 मई तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने वाली आगामी पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम की अगुआई करेंगे। शिवा ने दोहा में 2015 में विश्व चैम्पियनशिप का ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वह एक और पदक अपने नाम करना चाहेंगे। वह 63.5 किग्रा वजन वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। हाल में सबसे ज्यादा सुधार करने वाले मुक्केबाजों में से एक दीपक 51 किग्रा फ्लाईवेट वजन वर्ग में चुनौती पेश करेंगे।
श्रीलंका को 4 विकेट से हराया, न्यूजीलैंड ने सीरीज पर जमाया कब्जा
न्यूजीलैंड ने तीसरे टी20 मैच में श्रीलंका को एक गेंद बाकी रहते चार विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली। सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने 48 गेंद में 88 रन बनाए, जिसकी मदद से न्यूजीलैंड ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले श्रीलंका ने छह विकेट पर 182 रन बनाए थे। श्रीलंका ने पहला मैच सुपर ओवर मे जीता था, जबकि न्यूजीलैंड ने दूसरा मैच नौ विकेट से अपने नाम किया था। सीफर्ट ने दूसरे मैच में भी 43 गेंद में 79 रन बनाए थे।महिला हॉकी टीम के कैम्प में रानी को जगह नहीं
हॉकी इंडिया ने मई में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले राष्ट्रीय टीम के शिविर के लिए 35 संभावित खिलाड़ियों की घोषणा की है, जिसमें पूर्व कप्तान रानी रामपाल को जगह नहीं दी गई है। महिला टीम की मुख्य कोच यानेके शॉपमैन ने कहा कि शिविर नौ अप्रैल से 13 मई तक चलेगा जिसके बाद आस्ट्रेलिया दौरा होना है। टोक्यो ओलंपिक में रानी की कप्तानी में भारतीय टीम ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रही थी।
भारत ने फिर किर्गीस्तान को हराया
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने मेजबान किर्गीस्तान को 4-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज के साथ 2024 एएफसी महिला ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया। इस सप्ताह पहले मैच में भी भारत ने 5-0 से जीत दर्ज की थी। भारत के लिए संध्या रंगनाथन ने दो, जबकि अंजू तमांग ओर रेणु ने एक एक गोल किया।
