30 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को होने वाला मुकाबला कई मायने में अहम है। आज मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा का जन्मदिन है और आईपीएल का यह मुकाबला 1000वां है। इस मुकाबले को यादगार बनाने के लिए मुंबई इंडियंस स्पेशल तैयारी भी किया है। मुंबई इस मुकाबले को हर हाल में अपने नाम करना चाहेगी। वहीं राजस्थान की टीम भी इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, सोमवार से शुरू हो रही पुरुषों की विश्व चैंपियनशिप भारतीय मुक्केबाजों की नजर बेहतर प्रदर्शन पर होगी। उनकी कोशिश पिछले सत्र में हासिल किए गए एक कांस्य पदक से बेहतर प्रदर्शन करने की होगी। इस बीच, करीम बेंजेमा की पहले हाफ में बनाई हैट्रिक की मदद से रियल मैड्रिड ने स्पेनिश लीग में अल्मेरिया को रोमांचक मुकाबले में मात दी।
रोहित शर्मा और भारतीय बॉक्सिंग टीम। (फोटो - मुंबई इंडिंयस और बॉक्सिंग फेडरेशन के ट्विटर से)
मुंबई का सामना आज राजस्थान से
आईपीएल के 42वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मुकाबले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम से होगा। मुंबई की टीम होम ग्राउंड पर जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी। मुंबई अपने अंतिम मुकाबने में हार के बाद यहां पहुंची है, जबकि राजस्थान की टीत जीत के रथ पर सवार होकर यहां पहुंची है। मुंबई की टीम 6 अंक के साथ पॉइंट टेबल में 9वें नंबर पर है, जबकि राजस्थान 10 अंक के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
विश्व चैम्पियनशिप का आगाज कल से
भारतीय मुक्केबाज सोमवार से शुरू हो रही पुरुषों की विश्व चैंपियनशिप के लिए जब रिंग में उतरेंगे तो उनकी कोशिश पिछले सत्र में हासिल किये गये एक कांस्य पदक से बेहतर प्रदर्शन करने की होगी। इस प्रतियोगिता से ओलंपिक का कोई कोटा नहीं मिलेगा लेकिन मुक्केबाज सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले विश्व चैंपियनशिप में कड़ी चुनौती का सामना करेंगे। इससे एशियाई खेलों की उनकी तैयारी बेहतर होगी जो पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग स्पर्धा है। ओलंपिक में पुरुषों के लिए संशोधित भार वर्ग 13 से घटाकर सात कर दिये गये हैं। इसमें 51 किग्रा, 57 किग्रा, 63.5 किग्रा, 71 किग्रा, 80 किग्रा, 92 किग्रा, 92 से अधिक किग्रा का भार वर्ग शामिल है।
बेंजेमा ही हैट्रिक से मैड्रिड ने अल्मेरिया को दी मात
करीम बेंजेमा की पहले हाफ में बनाई हैट्रिक की मदद से रियल मैड्रिड ने शनिवार को यहां स्पेनिश लीग में अल्मेरिया को 4-2 से हरा दिया। अल्मेरिया के खिलाफ इस जीत के साथ मैड्रिड की टीम दूसरे स्थान पर बनी हुई है। बार्सीलोना ने इस बीच नौ खिलाड़ियों के साथ खेल रहे रीयाल बेटिस को 4-0 से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर 11 अंक की बढ़त बरकरार रखी है। मैड्रिड को अगले सप्ताहांत ओसासुना के खिलाफ कोपा डेल रे का फाइनल खेलना है जबकि इसके तीन दिन बाद नौ मई को चैंपियन्स लीग सेमीफाइनल में मैनचेस्टर सिटी से भिड़ना है।
फखर के 180 रन से पाकिस्तान की न्यूजीलैंड पर आसान जीत
फखर जमां के लगातार दूसरे शतक की मदद से पाकिस्तान ने दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट की आसान जीत दर्ज की। पहले एकदिवसीय में 117 रन की पारी खेलने वाले फखर ने दूसरे एकदिवसीय में 144 गेंद में 180 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान की टीम इस प्रारूप में अपने दूसरे सर्वश्रेष्ठ लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिशेल (119 गेंद में 129 रन, आठ चौके, तीन छक्के) के लगातार दूसरे शतक और करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी से पांच विकेट पर 336 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने इसके जवाब में फखर की शानदार पारी की बदौलत 48.2 ओवर में ही तीन विकेट पर 337 रन बनाकर आसान जीत हासिल की और पांच मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
अनिल ने वेटरंस राष्ट्रीय टेबल टेनिस में जीता गोल्ड
असम के अनिल कश्यप ने रविवार को भारतीय रिजर्व बैंक के सुधीर केसरवानी को हराकर 29वीं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप में 40 वर्ष से अधिक वर्ग का पुरुष एकल खिताब जीता। कश्यप ने केसरवानी को सीधे गेम में 11-6, 11-4, 11-8 से हराया। पचास वर्ष से अधिक वर्ग के पुरुष एकल फाइनल में महाराष्ट्र के मनीष रावत को बेहद करीबी मुकाबले में मलय कुमार ठक्कर ने 11-8, 9-11, 11-7, 7-11, 13-11 से शिकस्त दी। पुरुषों के 60 वर्ष से अधिक वर्ग के एकल फाइनल में महाराष्ट्र के अनिल रसम ने पंजाब के पंकज शर्मा को 8-11, 11-2, 11-9, 9-11, 11-8 से हराया।
अदिति एलए चैंपियनशिप के तीसरे दौर के बाद पांचवें स्थान पर
भारत की अदिति अशोक तीसरे दौर में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद एलए चैंपियनशिप गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त पांचवें स्थान पर खिसक गई। पहले दो दौर में 66 और 70 के स्कोर के साथ शीर्ष पर चल रही अदिति ने तीसरे दौर में एक ओवर 72 का स्कोर बनाया। भारतीय खिलाड़ी का कुल स्कोर पांच अंडर है और वह शीर्ष पर चल रही चेयेनी नाइट से चार शॉट पीछे हैं। नाइट ने तीसरे दौर में बोगी रहित चार अंडर 67 का स्कोर बनाया। उन्होंने नौ अंडर 204 के कुल स्कोर के साथ दो शॉट की बढ़त बना रखी है।
(भाषा इनपुट के साथ)
