स्पोर्ट्स

15 April 2023 सुर्खियां खेल की: घरेलू मैदान पर जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार लखनऊ, श्रेयस अय्यर अगले हफ्ते कराएंगे सर्जरी

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 15, 2023, 05:05 PM IST

15 April 2023 सुर्खियां खेल की: आईपीएल के 21वे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर लखनऊ का पलड़ा काफी भारी है। वहं, हिमाचल प्रदेश के तेज गेंदबाज अर्पित गुलेरिया आईपीएल के बाकी मैचों के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स टीम में चोटिल तेज गेंदबाज मयंक यादव की जगह लेंगे।

Image

केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और राहुल द्रविड़। (फोटो - लखनऊ और श्रेयस अय्यर के ट्विटर से)

Photo : Twitter

15 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर है। अच्छी खबर यह है कि पीठ की दर्द के कारण लंबे समय से क्रिकेट मैदान से दूर चल रहे भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बेंगलुरु के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन शुरु कर दिया है। वहीं, बुरी खबर यह है कि श्रेयस अय्यर अगले हफ्ते सर्जरी कराएंगे। वहीं, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपने 100वें मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 88 रन से हराया। हालांकि, इस मुकाबले में बाबर आजम का बल्ला पूरी तरह से शांत रहा था।

तीसरी बार होम ग्राउंड पर उतरने को तैयार लखनऊ

आईपीएल के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह सीजन का छठा डबल हेडर मुकाबला होगा। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। लखनऊ मौजूदा सीजन में दो बार घरेलू मैदान पर उतर चुकी है और दोनों में ही जीत हासिल की है। लखनऊ चार मैचों में से तीन में जीत हासिल कर 6 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है, जबकि पंजाब किंग्स 4 अंकों के साथ छठे नंबर पर है।

बुमराह ने शुरु किया रिहैब, अय्यर अगले हफ्ते कराएंगे सर्जरी

बीसीसीआई ने शनिवार को कहा कि न्यूजीलैंड में पीठ के निचले हिस्से की सफल सर्जरी के बाद भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अब दर्द से राहत है और उन्होंने बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ‘रिहैबिलिटेशन’ शुरु कर दिया है। बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर के बारे में भी अपडेट दी और कहा कि यह बल्लेबाज अगले हफ्ते पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी कराएंगे। सितंबर 2022 के बाद से क्रिकेट से बाहर चल रहे बुमराह एशिया कप और टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाये थे और यह देखना होगा कि वह दो महीने के अंदर ओवल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले भरत के विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए फिट होंगे या नहीं।

बाबर ने 100वें टी20 में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया

पाकिस्तान ने अपने कप्तान बाबर आजम के 100 टी20 मैच का जश्न 5 मैचों की सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड को 88 रन से हराकर मनाया। तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 18 रन देकर चार विकेट लिए। न्यूजीलैंड की टीम चार ओवर बाकी रहते 94 रन पर ही आउट हो गई। उसने आखिरी पांच विकेट छह रन के भीतर गंवा दिए। इससे पहले पाकिस्तान ने 182 रन बनाए। युवा बल्लेबाज साइम अयूब और फखर जमां दोनों ने 47 रन की पारी खेली।

लखनऊ में मयंक यादव की जगह अर्पित गुलेरिया

हिमाचल प्रदेश के दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज अर्पित गुलेरिया आईपीएल के बाकी मैचों के लिये लखनऊ सुपर जायंट्स टीम में चोटिल तेज गेंदबाज मयंक यादव की जगह लेंगे। आईपीएल द्वारा जारी बयान में चोट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। गुलेरिया को 20 लाख रूपये में लिया गया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया और अब सेना के लिए खेलते हैं। उन्होंने 15 प्रथम श्रेणी मैचों में 44 और 12 लिस्ट ए मैचों में 11 विकेट लिए हैं।

विजयकुमार ने आईपीएल में किया डेब्यू

आईपीएल के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हुआ। यह मुकाबला बेंगलोर के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोपहर 3.30 बजे से शुरू हुआ। इस मुकाबले में आरसीबी के लिए एक धाकड़ गेंदबाज विजय कुमार वैशाक ने डेब्यू किया। उनको मध्यप्रदेश के रजत पाटीदार की जगह स्क्वाड में शामिल किया गया है। विजय कुमार पहली बार फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली जैसे दिग्गज क्रिकेटर के साथ खेलेंगे।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article