स्पोर्ट्स

10 April 2023 सुर्खियां खेल की : भारतीय क्रिकेट के डोमेस्टिक सीजन का कार्यक्रम घोषित, घर पर जीत दर्ज करने आज उतरेगा बेंगलोर

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 10, 2023, 05:56 PM IST

10 April 2023 सुर्खियां खेल की: विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी एक बार फिर देखने को मिल सकती है। सोमवार को बेंगलोर का सामना लखनऊ से होगा। यह मुकाबला बेंगलोर अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेगी।

Image

विराट कोहली और बीसीसीआई। (फोटो - आरसीबी और बीसीसीई के ट्विटर से)

Photo : Twitter

10 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो आईपीएल के मौजूदा सीजन में विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस की तूफानी पारी एक बार फिर देखने को मिल सकती है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में बेंगलोर का सामना लखनऊ से होगा। बेंगलोर अपने होम ग्राउंड का फायदा उठाकर एक बार फिर जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट का 2023-24 डोमेस्टिक सीजन का ऐलान कर दिया है। दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट के साथ 28 जून से डोमेस्टिक सीजन का आगाज होगा, जबकि रणजी ट्रॉफी का आयोजन अगले साल पांच जनवरी से होगा। वहीं, एटलेटिको मैड्रिड ने रायो वालेकानो को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।

आरसीबी का आज एलएसजी से सामना

आईपीएल के 15 मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और लखनऊ सुपर जाएंट्स का सामना होगा। यह मुकाबला बेंगलोर के होमा ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले में बेंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली पर नजर रहेगी। मौजूदा आईपीएल के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दोनों खिलाड़ियों ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर जीत दिलाई थी। बेंगलोर को अपने अंतिम मुकाबले में हार मिली थी, जबकि लखनऊ सुपर जाएंट्स जीत दर्ज कर यहां पहुंची है।

डोमेस्टिक सीजन का कार्यक्रम हुआ घोषित

भारतीय क्रिकेट का 2023-24 डोमेस्टिक सीजन का दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट के साथ 28 जून से शुरू होगा, जबकि रणजी ट्रॉफी का आयोजन अगले साल पांच जनवरी से होगा। इस दौरान दलीप ट्रॉफी छह क्षेत्रीय टीमों के बीच खेली जाएगी। इसके बाद देवधर ट्रॉफी लिस्ट ए टूर्नामेंट (24 जुलाई से तीन अगस्त), ईरानी कप (एक से पांच अक्टूबर), सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पुरुषों की टी20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप (16 अक्टूबर से छह नवंबर) और विजय हजारे एकदिवसीय ट्रॉफी (23 नवंबर-दिसंबर 15) का आयोजन होगा।

5वीं जीत से मैड्रिड के करीब पहुंचा एटलेटिको

एटलेटिको मैड्रिड ने रविवार को रायो वालेकानो को 2-1 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और ला लीगा फुटबॉल टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर चल रहे रियल मैड्रिड से अब सिर्फ दो अंक पीछे है। एटलेटिको की ओर से पहले हाफ में नेहुएल मोलिना और मारिये हरमोसो ने दो मिनट के भीतर दो गोल दागकर टीम की 11 मैच में नौवीं जीत सुनिश्चित की। रायो को 62वें मिनट से 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, जब फ्लोरियन लेजेयुन को मैच से बाहर किया गया। रियल मैड्रिड को शनिवार को घरेलू मैदान पर विलारीयाल के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था।

जेब्युर बनीं चैम्पियन, चार्ल्सटन ओपन के खिताब पर जमाया कब्जा

दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी ओंस जेब्युर ने रविवार को बेलिंडा बेनसिच को सीधे सेट में हराकर चार्ल्सटन ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। जेब्युर ने फाइनल में 7-6, 6-4 से जीत दर्ज की। यह उनके करियर का तीसरा डब्ल्यूटीए खिताब है। जेब्युर ने इसके साथ ही पिछले साल फाइनल में बेनसिच के खिलाफ इसी टूर्नामेंट के फाइनल में तीन सेट में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। इस हार के साथ चार्ल्सटन में बेनसिच का लगातार 10 मैच में जीत का क्रम भी टूट गया।

गुकेश ने जीता विश्व आर्मेगेडोन एशिया एवं ओसियाना का टाइटल

किशोर भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने फाइनल में पूर्व विश्व रेपिड चैंपियन उज्बेकिस्तान के नादिरबेक अब्दुसतारोव को हराकर रविवार को विश्व शतरंज आर्मेगेडोन एशिया एवं ओसियाना प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। 16 साल के गुकेश ने उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले में जीत दर्ज की। पहली बाजी में चूकने के बाद गुकेश को दूसरी बाजी में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अतिरिक्त मौके का इस्तेमाल करते हुए अब्दुसतारोव के खिलाफ मुकाबले को दोबारा शुरू कराया।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article