स्पोर्ट्स

13 April 2023 सुर्खियां खेल की : पंजाब के होम ग्राउंड में पहली बार उतरेगा गुजरात, धोनी को लेकर आया बड़ा अपडेट

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 13, 2023, 04:08 PM IST

13 April 2023 सुर्खियां खेल की: आईपीएल को रोमांच जारी है। गुरुवार को मोहाली में होने वाले मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस से होगा। यह मुकाबला भी काफी रोमांचक हो सकता है, क्योंकि दोनों ही टीम के खिलाड़ी बड़ा उलटफेर में माहिर हैं। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी के चोट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

Image

गुजरात और चेन्नई के खिलाड़ी। (फोटो - गुजरात टाइटंस और सीएसके के ट्विटर से)

Photo : Twitter

13 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। आईपीएल के 18वे मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। गुजरात की टीम पहली बार पंजाब के होम ग्राउंड पर मुकाबले के लिए उतरेगी। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी को लेकर बड़ा अपडेट आया है। टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। इसी तरह चैम्पियंस लीग के एक मुकाबले में करीम बेंजेमा ने चेल्सी के खिलाफ एक बार फिर गोल दागा, जिससे रियल मैड्रिड लगातार दूसरे सत्र में इंग्लैंड के क्लब को लीग से बाहर करने के करीब पहुंच गया है।

रियल मैड्रिड ने चेल्सी पर बनाई बढ़त

करीम बेंजेमा ने चेल्सी के खिलाफ एक बार फिर गोल दागा, जिससे रियल मैड्रिड लगातार दूसरे सत्र में इंग्लैंड के क्लब को चैंपियंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता से बाहर करने के करीब पहुंच गया है। विनीसियस जूनियर ने रियल मैड्रिड की तरफ से दोनों गोल करने में मदद की, जिससे उनकी टीम ने क्वार्टर फाइनल के पहले चरण में 2-0 से बढ़त बनाकर सेमीफाइनल में पहुंचने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। बेंजेमा ने 21वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि मार्को असेनसियो ने 74वें मिनट में बढ़त दोगुनी की। बेंजेमा का यह चेल्सी के खिलाफ पांच मैचों में छठा गोल था।

घुटने की चोट से जूझ रहे हैं धोनी, मगाला दो सप्ताह के लिए बाहर

चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी घुटने की चोट से जूझ रहे हैं जिससे उन्हें कुछ ‘मूवमेंट’ में परेशानी हो रही है। चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही चेन्नई की टीम के लिए एक और बुरी खबर है क्योंकि उसके दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज सिसांडा मगाला चोटिल होने के कारण दो सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं। फ्लेमिंग ने बुधवार को चेन्नई की राजस्थान रॉयल्स के हाथों तीन रन से करीबी हार के बाद कहा,‘वह (धोनी) घुटने की चोट से जूझ रहे हैं, जो कि आप उनके कुछ मूवमेंट में देख सकते हो। इससे उन्हें थोड़ा परेशानी हो रही है।’

अब आईपीएल में इस टीम पर लगा जुर्माना

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिये 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। आईपीएल में धीमी ओवर गति फिर से बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है क्योंकि अधिकतर मैच चार घंटे से अधिक समय तक खिंच रहे हैं। आईपीएल ने बयान में कहा, ‘यह टीम का आईपीएल आचार संहिता के तहत धीमी ओवर गति से जुड़ा पहला अपराध है, इसलिए कप्तान संजू सैमसन पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।’

रुद्रांक्ष-अंजुम को प्रेसिडेंट कप में मेडल जीतने के लिए मिलेगी पुरस्कार

भारत के विश्व चैम्पियन राइफल निशानेबाज रुद्रांक्ष पाटिल और महिला निशानेबाज अंजुम मोदगिल को आखिरकार पिछले साल प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट कप में क्रमश: गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने के लिए पुरस्कार राशि मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के पदाधिकारियों में बदलाव के कारण इस पुरस्कार राशि को लेकर अनिश्चितता बन गई थी। महाराष्ट्र के रहने वाले निशानेबाज रुद्रांक्ष को पिछले साल काहिरा में प्रेसिडेंट कप जीतने पर अपने करियर की सबसे बड़ी धनराशि 15,000 यूरो (लगभग 13.25 लाख रुपये) मिलेगी। अंजुम ने इस प्रतियोगिता में महिलाओं की राइफल थ्री पोजीशन में रजत पदक हासिल किया था जिसके लिए उन्हें 6.25 लाख रुपए मिलने हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article