स्पोर्ट्स

Sinquefield Cup 2026: प्रज्ञानानंदा ने की धमाकेदार वापसी, वान फॉरेस्ट को दी मात

रतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने पिछले दौर में हार के बाद शानदार वापसी करते हुए सिन्कफील्ड कप के चौथे दौर में नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट को हराया और दूसरे स्थान पर चल रहे खिलाड़ियों के समूह में शामिल हो गए।

Image

आर प्रज्ञानानंदा

सेंट लुई (अमेरिका): भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने पिछले दौर में हार के बाद शानदार वापसी करते हुए सिन्कफील्ड कप के चौथे दौर में नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट को हराया और दूसरे स्थान पर चल रहे खिलाड़ियों के समूह में शामिल हो गए। इस जीत से प्रज्ञानानंदा के 10 खिलाड़ियों के नौ दौर वाले इस टूर्नामेंट में चार बाजियों में 2.5 अंक हो गए हैं।

पिछले राउंड में प्रज्ञानानंदा को मिली थी कीमर के खिलाफ हार

पिछले दौर में जर्मनी के विन्सेंट कीमर से हारने के बाद यह वापसी उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। इससे उनकी पोडियम पर जगह बनाकर ग्रैंड चेस टूर के फिनाले के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद बढ़ जाएगी। दिलचस्प बात यह रही कि दिन का यह एकमात्र निर्णायक मुकाबला था। बाकी चार बाजियां ड्रॉ रहीं। अमेरिका के वेस्ली सो हमवतन लेवोन अरोनियन के साथ ड्रॉ खेलने के बावजूद तीन अंक के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।

अन्य मुकाबलों का ऐसा रहा हाल

अमेरिकी खिलाड़ियों के बीच हुए एक अन्य मुकाबले में फैबियानो करुआना को सेवियन सैमुअल ने ड्रॉ पर रोक दिया, जबकि अनीश गिरी ने उज्बेकिस्तान के विश्व चैंपियनशिप के दावेदार जावोखिर सिंदारोव के साथ अंक बांटे। दिन की एक अन्य बाजी में मैक्सिम वाचियेर-लाग्रेव ने कीमर के साथ ड्रॉ खेला। अभी पांच दौर बाकी हैं और वेस्ली सो शीर्ष पर हैं। प्रज्ञानानंदा, वाचियर-लाग्रेव और अरोनियन उनसे केवल आधे अंक पीछे हैं। वहीं करुआना, कीमर और सैमुअल के दो-दो अंक हैं। अनीश गिरी और सिंदारोव 1.5-1.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर हैं जबकि वान फॉरेस्ट आधे अंक के साथ आखिरी पायदान पर हैं।

सिंकफील्ड कप 'ग्रैंड चेस टूर' का हिस्सा है। इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन उन खिलाड़ियों के लिए भी बेहद जरूरी है जो 'ग्रैंड चेस टूर' के फाइनल के लिए क्वालिफाई करना चाहते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article