ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने मंगलवार को उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (एसओएम) के चुनाव को लेकर उठे विवाद पर दुख जताया। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि सकारात्मक माहौल बनेगा और देश में खेलों के विकास पर फिर से ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह विवाद इस महीने हुए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के चुनावों से जुड़ा है। चुनाव प्रक्रिया पर कथित धांधली, बाहरी हस्तक्षेप और संविधान के नियमों में बदलाव को लेकर सवाल उठे हैं।
साइना नेहवाल
इस विवाद के बाद आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। ओलंपिक चैंपियन अभिनव बिंद्रा ने इसकी आलोचना की है और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कड़ी चेतावनी दी है। नौ नवंबर को हुए चुनाव में उषा महिलाओं की एसओएम श्रेणी की चार सीटों में से एक भी हासिल नहीं कर सकीं। वह अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी और साइना नेहवाल के बाद पांचवें स्थान पर रहीं। इसके बाद उन्होंने आईओसी को पत्र लिखकर अपनी हार के पीछे संगठित हेरफेर और बाहरी हस्तक्षेप का आरोप लगाया।
इस विवाद के बारे में पूछे जाने पर नेहवाल ने आईओए अध्यक्ष के रूप में उषा के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान को स्वीकार किया, लेकिन हालिया घटनाक्रम पर निराशा भी जताई। साइना ने यहां फिक्की के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "मुझे पता था कि उषा चुनाव लड़ रही हैं। पिछले चार वर्षों में उन्होंने जो काम किया उसमें वह हर उस बड़े टूर्नामेंट में मौजूद रहीं जहां हमें उनकी जरूरत थी।"
उन्होंने कहा, "इस विवाद की बात करें तो निश्चित रूप से इस तरह की खबरें सामने आने पर दुख होता है। लेकिन एक खिलाड़ी होने के नाते मैं हमेशा खिलाड़ियों का समर्थन करूंगी क्योंकि हम हमेशा यही सोचते हैं कि हर खेल को बेहतर कैसे बनाया जाए।"
साइना ने कहा, "नकारात्मक बातों पर चर्चा करने के बजाय हमें यह सोचना चाहिए कि भविष्य में जो भी हो वह सकारात्मक हो और सब कुछ अच्छे से आगे बढ़े।"
(भाषा)
