CWG 2030 की आयोजन समिति में होगी राहुल द्रविड़ और साइना नेहवाल की एंट्री, जानिए क्या होगी भूमिका

अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेलों की प्रस्तावित आयोजन समिति में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ और दुनिया की पूर्व नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को खिलाड़ियों के प्रतिनिधि के रूप में शामिल करने का फैसला किया गया है।

नई दिल्ली: अहमदाबाद में 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की प्रस्तावित आयोजन समिति में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान राहुल द्रविड़ और ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को खिलाड़ियों के प्रतिनिधि के रूप में शामिल करने का फैसला किया गया है। इस आयोजन समिति की अध्यक्षता गुजरात के उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री हर्ष सांघवी कर सकते हैं। समिति में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) का भी प्रतिनिधित्व होगा जिसके चुनाव दिसंबर में होने हैं। इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेल संघ के प्रतिनिधि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह भी समिति का हिस्सा होंगे।

Rahul Dravid

राहुल द्रविड़ (फाइल फोटो)

द्रविड़, साइना सहित इन नामों की हुई है सिफारिश

खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया,'हां, राहुल द्रविड़ और साइना नेहवाल को प्रस्तावित आयोजन समिति के लिए नामित किया गया है। निजी क्षेत्र से जिनल मेहता और अनन्या बिरला के नामों की सिफारिश की गई है।' लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता साइना खेल से संन्यास लेने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्य बन गई थीं। वहीं, क्रिकेट से संन्यास के बाद द्रविड़ ने कोच की भूमिका निभाई और उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने 2024 टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। जिनल मेहता और अनन्या बिरला दोनों का आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ाव है। टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स के प्रमुख मेहता गुजरात टाइटंस के चेयरमैन हैं जबकि अनन्या बिरला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मालिकाना हक वाली कंपनी के समूह से जुड़ी हैं।

End of Feed