दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बृहस्पतिवार को चीन की विश्व में पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यू को सीधे गेम में हराकर जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जो उनका मौजूदा सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे दौर के मुकाबले में अपने से उच्च रैंकिंग वाली चीनी शटलर को केवल 35 मिनट में 21-16, 21-14 से पराजित किया।
पीवी सिंधू जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं (X)
गैर-वरीयता प्राप्त सिंधू ने धीमी शुरुआत के बाद पहले गेम के बीच में लय हासिल की। उन्होंने शटल को सटीक रूप से हिट किया और रैलियों पर हावी होकर बढ़त बना ली। इसके बाद पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने दूसरे गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाया और 8-0 की बढ़त हासिल करने के बाद आसानी से मुकाबला जीत लिया।
इस जीत से सिंधू ने हान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। इस 31 वर्षीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिन्हें शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी आन से-यंग के दूसरे दौर के मैच से हटने के बाद वॉकओवर मिल गया था।
तनीशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी के प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर होने के बाद सिंधू अब टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र खिलाड़ी बची हैं। तनीशा और ध्रुव की भारतीय जोड़ी चीन की फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से 47 मिनट में 20-22, 17-21 से हार गई।
(भाषा इनपुट के साथ)
