स्पोर्ट्स

Japan Open: पीवी सिंधू ने वर्ल्ड नंबर.5 खिलाड़ी हान यू को पस्त किया, जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

PV Sindu In QF OF Japan Open: पीवी सिंधू ने बृहस्पतिवार को चीन की विश्व में पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यू को सीधे गेम में हराकर जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

Image

पीवी सिंधू जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं (X)

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बृहस्पतिवार को चीन की विश्व में पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यू को सीधे गेम में हराकर जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जो उनका मौजूदा सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे दौर के मुकाबले में अपने से उच्च रैंकिंग वाली चीनी शटलर को केवल 35 मिनट में 21-16, 21-14 से पराजित किया।

गैर-वरीयता प्राप्त सिंधू ने धीमी शुरुआत के बाद पहले गेम के बीच में लय हासिल की। उन्होंने शटल को सटीक रूप से हिट किया और रैलियों पर हावी होकर बढ़त बना ली। इसके बाद पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने दूसरे गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाया और 8-0 की बढ़त हासिल करने के बाद आसानी से मुकाबला जीत लिया।

इस जीत से सिंधू ने हान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। इस 31 वर्षीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिन्हें शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी आन से-यंग के दूसरे दौर के मैच से हटने के बाद वॉकओवर मिल गया था।

तनीशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी के प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर होने के बाद सिंधू अब टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र खिलाड़ी बची हैं। तनीशा और ध्रुव की भारतीय जोड़ी चीन की फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से 47 मिनट में 20-22, 17-21 से हार गई।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article