PM Modi meets Paris Olympics bound Indian athletes: 27 जुलाई से पेरिस में खेले जाने वाले ओलंपिक 2024 से पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए उनसे मुलाकात की है। दिल्ली में आयोजित बैठक में कई खिलाड़ी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। पीएम ने गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा से भी बातचीत की जो कि हर तरफ वायरल हो रही है। पीएम ने नीरज से कहा कि उन्होंने अभी तक चूरमा नहीं खिलाया है। इस पर नीरज चोपड़ा शर्मा जाते हैं और उनकी मां के हाथ का चूरमा खिलाने की बात करते हैं।
बता दें कि भारत अब तक के सर्वश्रेष्ठ पदक जीतने के उद्देश्य से करीब 120 लोगों का एक बड़ा दल भेजेगा। भारत ने टोक्यो 2021 में रिकॉर्ड सात पदक जीते थे।कई एथलीटों से व्यक्तिगत रूप से मिलने के अलावा, मोदी ने ओलंपिक भाला चैंपियन नीरज चोपड़ा, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और विश्व चैंपियन मुक्केबाज निखत ज़रीन सहित अन्य लोगों से वर्चुअली बातचीत भी की।
पीएम ने 15 अगस्त के कार्यक्रम में एथलिटों को बुलाने की ओर किया इशारा
मोदी ने एथलीटों से बातचीत की और यह भी कहा कि वह 15 अगस्त को एथलीटों को लाल किले पर आमंत्रित करने पर विचार करेंगे। मोदी ने बैठक के दौरान कहा, "इस बार भी हमने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कुछ नया करने की कोशिश की है। हमने वहां भारतीय समुदाय को थोड़ा सक्रिय करने की कोशिश की है ताकि वे हमारे खिलाड़ियों से और अधिक जुड़ सकें...मैं अपनी तरफ से आपको शुभकामनाएं देता हूं और मैं आप लोगों का इंतजार करूंगा...मैं कोशिश करूंगा कि 15 अगस्त को जब लाल किले पर कार्यक्रम हो तो आप लोग भी वहां मौजूद रहें।"
2036 में ओलंपिक आयोजित करने की दोहराई बात
मोदी ने यह भी कहा कि भारत 2036 में अपने देश में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करना चाहेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से पेरिस में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है ताकि 12 साल बाद खेलों के आयोजन में भारत को मदद मिल सके। मोदी ने उसी बैठक में कहा- "हमारा लक्ष्य 2036 ओलंपिक की मेजबानी करना है। इसके लिए बुनियादी ढांचे को तैयार करने का काम चल रहा है।" आगामी पेरिस खेल 26 जुलाई से शुरू होंगे और 11 अगस्त को समाप्त होंगे। इसमें कुल 329 कार्यक्रम होंगे, जिसमें 184 देशों के लगभग 10,500 खिलाड़ी भाग लेंगे।
