Bhajan Kaur: भारतीय महिला तीरंदाज भजन कौर ने रविवार को यहां ‘आर्चरी इन पेरिस फाइनल ओलंपिक क्वालीफायर’ में स्वर्ण पदक जीतकर स्टाइल से व्यक्तिगत ओलंपिक कोटा हासिल किया।भारत की शीर्ष महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी को शुरुआती दौर में अजरबेजान की यायागुल रामजानोवा से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। लेकिन कम अनुभवी भजन ने फाइनल में एक भी सेट गंवाये बिना ईरान की शीर्ष वरीय मोबिना फलाह पर जीत से स्वर्ण पदक जीतकर सुर्खियां बटोरीं।
भजन ने मोबिना को एकतरफा फाइनल में 6-2 (28-26, 29-29, 29-26, 29-29) से हराया।अंकिता भकत क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गयी लेकिन उन्होंने भी अंतिम आठ में प्रवेश करते ही व्यक्तिगत कोटा हासिल कर लिया था।व्यक्तिगत कोटे शीर्ष आठ देशों को दिये जाते हैं। प्रत्येक देश को एक व्यक्तिगत कोटा मिलता है। भारत ने इस तरह पुरुष और महिला दोनों वर्गों में व्यक्तिगत कोटा हासिल कर लिया है।
धीरज बोम्मादेवरा ने इससे पहले एशियाई क्वालीफाइंग चरण से पुरुष व्यक्तिगत कोटा हासिल किया था।तीसरी वरीय भजन को राउंड 32 के तीसरे दौर में बाई मिली थी। उन्होंने मंगोलिया की उरानटुंगलाग बिशिन्डी को 6-2 (29-27, 28-26, 26-29, 27-24) से हराया और प्री क्वार्टरफाइनल में स्लावेनिया की उर्सका काविच को 7-3 (28-22, 29-18, 28-28, 26-27,27-24) से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
भारतीय तीरंदाजी टीम के पास अब भी मौका
भारतीय तीरंदाजी टीम के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि -'उपकरण संबंधित कोई खराबी नहीं थी, लेकिन खराब रिलीज के कारण ऐसा हुआ। यह दबाव के कारण या किसी और वजह से हो सकता है।'भारतीय पुरुष और महिला टीम अंतिम ओलंपिक क्वालीफायर से कोटा हासिल नहीं कर सकी थीं। लेकिन अगर दोनों टीम अपनी विश्व रैंकिंग बरकरार रखती हैं तो वे 24 जून की अंतिम तारीख तक पेरिस ओलंपिक में जगह बना सकती हैं।
