स्पोर्ट्स

ये क्या! अमेरिका ने FIFA वर्ल्ड कप के रैफरी को ही देश में घुसने नहीं दिया, कारण भी चौंकाने वाला

Somalian Referee Denied Entry In US: फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक पहले एक चौंकाने वाला वाकया सामने आया है। अमेरिका ने फीफा द्वारा चयनित सोमालिया के रैफरी उमर अर्टन को देश में घुसने नहीं दिया। इसका कारण भी चौंकाने वाला बताया गया है।

Image

उमर आर्टन (Instagram)

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल विश्व कप शुरू होने से दो दिन पहले एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जो नए विवाद का रूप ले सकता है।दरअसल, अमेरिका में प्रवेश नहीं मिलने के कारण सोमालिया के रैफरी उमर अर्टन फीफा विश्व कप में अधिकारी की भूमिका नहीं निभा पाएंगे। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) विभाग ने सोमवार को बताया कि सोमालिया के एक नागरिक को शनिवार को इस्तांबुल से मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया। इस व्यक्ति को विश्व कप में रैफरी की भूमिका निभानी थी। हालांकि सीबीपी ने अपने बयान में उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया लेकिन अर्टन विश्व कप में सोमालिया से एकमात्र रैफरी हैं।

फीफा ने बाद में सोमवार को पुष्टि की कि अर्टन विश्व कप में ट्रेनिंग और रैफरी की भूमिका नहीं निभा पाएंगे। फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था ने एक बयान में कहा, "फीफा मेजबान देश की आव्रजन प्रक्रियाओं में शामिल नहीं होता जिसमें वीजा से जुड़े फैसले भी शामिल हैं। अधिकारियों ने हमें बताया है कि अर्टन की स्थिति में अभी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।"

बयान के अनुसार, "फीफा की पिछली प्रतियोगिताओं की तरह मेजबान सरकार ही यह तय करती है कि किसे वीजा मिलेगा और किसे देश में प्रवेश दिया जाएगा।"

CBP ने बताया कि अर्टन को क्यों नहीं प्रवेश दिया

सीबीपी ने बयान जारी कर बताया कि अर्टन को प्रवेश क्यों नहीं दिया गया। सीबीपी ने कहा, "प्रोसेसिंग के दौरान यात्री की अतिरिक्त जांच की गई। यह सीबीपी की जांच प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है जब अधिकारियों को जानकारी का सत्यापन करना होता है या यह तय करना होता है कि किसी को प्रवेश दिया जा सकता है या नहीं। जांच के बाद फीफा विश्व कप के रैफरी को जांच-पड़ताल से जुड़ी चिंताओं के कारण देश में प्रवेश के लिए अयोग्य पाया गया और उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।"

गौरतलब है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है। इसमें 48 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं जो टूर्नामेंट के अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा है। पहली बार तीन देश टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे, ये हैं मेक्सिको, यूएसए और कनाडा।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article