Neeraj Chopra Supports Wrestlers: ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा भी डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृज भूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में आ गए हैं। नीरज ने ट्वीट करके अधिकारियों से इस मामले में जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। देश के नामी-गिरामी पुरुष-महिला पहलवान डब्ल्यूएफआई और बृज भूषण के खिलाफ जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बृज भूषण पर जूनियर पहलवानों ने शोषण और डराने धमकाने जैसे कई आरोप लगाए हैं।
नीरज ने क्या लिखा
दिल्ली के जंतर मंतर पर डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कई पहलवानों के विरोध के बीच ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को ट्विटर पर अधिकारियों से मामले पर तेजी से कार्रवाई करने का आग्रह किया। चोपड़ा ने ट्विटर पर कहा, "हमारे एथलीटों को न्याय की मांग करते हुए सड़कों पर देखकर मुझे दुख होता है। उन्होंने हमारे महान देश का प्रतिनिधित्व करने और हमें गौरवान्वित करने के लिए कड़ी मेहनत की है। एक राष्ट्र के रूप में हम प्रत्येक व्यक्ति की अखंडता और सम्मान की रक्षा करने के लिए जिम्मेदार हैं, चाहें वो एथलीट हों या नहीं। जो हो रहा है वह कभी नहीं होना चाहिए। यह एक संवेदनशील मुद्दा है और इससे निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निपटा जाना चाहिए। न्याय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।"
शीर्ष पहलवान विरोध प्रदर्शन में शामिल
विनेश फोगट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया सहित भारत के शीर्ष पहलवान और कई और पहलवान डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। इस बीच भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पीटी उषा ने विरोध की आलोचना करते हुए कहा कि यह अनुशासनहीनता है। उनके बयान से पहलवान आहत हुए। ओलंपियन पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि पीटी उषा हमारी आइकन रही हैं। उन्होंने जो कहा उससे हमें दुख हुआ। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब उनकी अकादमी को ध्वस्त किया जा रहा था और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जताई थी, तो क्या तब भारत की छवि खराब नहीं हो रही थी?
