स्पोर्ट्स

'अब इस फैसले को बदलकर दिखाओ'... बेल्जियम ने अमेरिका को हराकर इशारों में उड़ाया ट्रंप और FIFA का मजाक

Belgium Mocks USA, FIFA World Cup 2026: अमेरिकी फुटबॉलर फोलारिन बालोगुन को रेड कार्ड मिलने व एक मैच के प्रतिबंध के बावजूद उनको ऊपरी दबाव के चलते फीफा ने बेल्जियम के खिलाफ फुटबॉल वर्ल्ड कप के अहम मैच में खेलने की छूट दे दी। इससे बेल्जियम नाराज था लेकिन उन्होंने यूएसए को 4-1 से रौंदने के बाद सोशल मीडिया पर अपने ही अंदाज में अमेरिका का मजाक उड़ाया।

Image

बेल्जियम ने जीत के बाद अमेरिका का मजाक उड़ाया

Photo : AP

बेल्जियम की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में मेजबान यूएसए फुटबॉल टीम के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत का जश्न सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में पोस्ट करके मनाया, जिसने तुरंत फुटबॉल फैंस का ध्यान खींच लिया। जीत के बाद, बेल्जियन रेड डेविल्स ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की जिसमें कैप्शन था, "इसे पलटकर दिखाओ" (Overturn this)। इसके पीछे एक खास वजह रही।

क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के बाद मिली इस जबरदस्त जीत के जरिए वे मेजबान टीम के साथ-साथ सांकेतिक तौर पर फीफा और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी मजाक उड़ाते हुए दिखे। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप के कहने पर ही अमेरिकी टीम के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन के रेड कार्ड को फीफा ने वापस ले लिया था।

बेल्जियम फुटबॉल टीम ने X पर भी अमेरिका में लंबे समय से चल रही "फुटबॉल" बनाम "सॉकर" की बहस पर एक मजाकिया टिप्पणी की। "इसे सॉकर नहीं, फुटबॉल कहते हैं," बेल्जियन रेड डेविल्स ने लिखा।

क्या था विवाद, क्यों भड़क उठे 'रेड डेविल्स'

दरअसल इससे पहले, FIFA ने बेल्जियम की उस चुनौती को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने फोलारिन बालोगुन की पात्रता पर सवाल उठाया था। FIFA ने दोनों टीमों के बीच FIFA वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ़ 16 मुकाबले से पहले अमेरिकी फॉरवर्ड पर लगे एक मैच के बैन को सस्पेंड कर दिया था। बाद में ये भी खबरें आई थीं कि फीफा ने ऐसा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर किया था। बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ राउंड ऑफ़ 32 में अमेरिका की 2-0 से जीत के दौरान बालोगुन को 64वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया था।

बेल्जियम ने कैसे अमेरिका को हराया

मैच की बात करें तो, बेल्जियम ने सिएटल स्टेडियम में मेजबान अमेरिका पर 4-1 की शानदार जीत के साथ FIFA वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। चार्ल्स डी केटेलेरे ने दो गोल (ब्रेस) करके 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' का अवॉर्ड जीता, जबकि हंस वनाकेन ने अपना पहला FIFA वर्ल्ड कप गोल किया और सब्स्टिट्यूट रोमेलु लुकाकू ने स्टॉपेज-टाइम में गोल करके लगातार तीसरे वर्ल्ड कप मैच में गोल करने का कारनामा किया।

हालांकि मलिक टिलमैन की डिफ्लेक्टेड फ्री-किक से अमेरिका ने कुछ समय के लिए बराबरी कर ली थी, लेकिन बेल्जियम का मैच के ज्यादातर हिस्से में दबदबा रहा। मैट फ्रीज़ की गोलकीपिंग में हुई एक महंगी गलती से बेल्जियम को अपनी बढ़त बढ़ाने का मौका मिला और बाद में लुकाकू ने शानदार जीत पक्की कर दी।

इस हार के साथ अमेरिका का सफर खत्म हो गया और वे कनाडा और मैक्सिको के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने वाले तीन सह-मेजबान देशों में आखिरी बन गए। अब बेल्जियम का सामना 10 जुलाई को क्वार्टर फाइनल में स्पेन से होगा, जिसने राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को बाहर किया था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article