क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर विम्बलडन में नोवाक जोकोविच ने तोड़ दिया रोजर फेडरर का रिकॉर्ड

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने विम्बलडन में एक और कारनामा अपने नाम कर लिया। रविवार को उन्होंने विम्बलडन में 106वीं जीत हासिल की। जोकोविच 17वीं बार विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। यह फेडरर के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है।

सात बार के विम्बलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने रविवार को क्वालीफायर और विश्व रैंकिंग में 132वें स्थान पर काबिज रोमन सफियुलिन की कड़ी चुनौती को पार करते हुए विम्बलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम में रोजर फेडरर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मैच के दौरान जोकोविच कई बार अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आए। पहले सेट में 2-5 से पिछड़ने के बाद उन्हें दो सेट प्वाइंट बचाने पड़े। तीसरे सेट की शुरुआत में सर्विस गंवाने के बाद सेंटर कोर्ट पर सर्बियाई भाषा में कथित तौर पर अपशब्द बोलने के कारण उन्हें अंपायर ने चेतावनी भी दी। इसके बावजूद जोकोविच ने मुकाबला 7-6 (8-6), 6-3, 3-6, 6-3 से जीत लिया।

navak djokovich

नोवाक जोकोविच (साभार-X)

यह विम्बलडन में उनकी 106वीं मैच जीत थी, जिसके साथ उन्होंने पुरुष वर्ग में रोजर फेडरर (105 जीत) को पीछे छोड़ दिया। हालांकि महिलाओं में मार्टिना नवरातिलोवा के 120 मैच जीत के रिकॉर्ड से वह अब भी पीछे हैं। जोकोविच 17वीं बार विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। यह फेडरर के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है। अब वह अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी फेडरर के आठ विम्बलडन खिताब की बराबरी करने से केवल तीन जीत दूर हैं। हालांकि उन्होंने माना कि खिताब जीतने के लिए उन्हें अपने खेल में और सुधार करना होगा।

End of Feed