स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: एर्लिंग हालैंड का डबल धमाल, ब्राजील को पटखनी देकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा नॉर्वे

नॉर्वे ने अपने स्टार खिलाड़ी एर्लिंग हालैंड के दोहरे गोल की मदद से पांच बार की चैंपियन ब्राजील को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में पटखनी देकर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसा रहा मैच का रोमांच।

Image

ब्राजील के खिलाफ गोल का जश्न मनाते नॉर्वे के एर्निंग हालैंड (फोटो क्रेडिट AP)

न्यूजर्सी: एर्लिंग हालैंड के दोहरे गोल की बदौलत नॉर्वे की टीम पांच बार की चैंपियन ब्राजील को पटखनी देकर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। चौथी बार वर्ल्ड कप में खेल रही नॉर्वे ने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ब्राजील को 2-1 के अंतर से मात देकर अंतिम 8 में अपनी जगह पक्की कर ली। नॉर्वे के लिए दोनों गोल एर्लिंग हालैंड ने मैच के 79वें और 90वें मिनट में गोल किए। वहीं ब्राजील के लिए एकलौता गोल नेमार ने पेनल्टी के जरिए इंजरी टाइम (90+10) में किया। ब्राजील के लिए ब्रूनो गुइमारेस का फर्स्ट हाफ में गोल नहीं कर पाना भारी पड़ गया और उसे टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता देखना पड़ा और उसका छठा वर्ल्ड खिताब जीतने का इंतजार और लंबा हो गया।

पेनल्टी में गोल करने से चूके ब्रूनो गुइमारेस

अमेरिका के न्यूजर्सी में खेले गए राउंड ऑफ 16 मुकाबले के फर्स्ट हाफ में ब्राजील ने डिफेंसिव खेल दिखाया। नॉर्वे ने गेंद पर अपना नियंत्रण रखा।लेकिन ब्राजील ने गोल करने का शानदार मौका गंवा दिया। फर्स्ट हाफ में मिली पेनल्टी को ब्रूनो गुइमारेस गोल में तब्दील नहीं कर सके। नॉर्वे के गोलकीपर ओर्यान नाइलैंड ने शानदार अंदाज में गेंद को गोल पोस्ट के अंदर नहीं जाने दिया और अपनी टीम को मैच में पिछड़ने से बचा लिया। फर्स्ट हाफ का अंत 0-0 की स्कोर लाइन के साथ हुआ।

हालैंड के दोहरे गोल ने दिलाई नॉर्वे को जीत

सेकेंड हाफ के पहले 34 मिनट में कोई गोल नहीं हुआ। ऐसे में मैच का पहला गोल नॉर्वे को स्टार खिलाड़ी अर्निंग हालैंड ने 79वें मिनट में हेडर के जरिए किया। इसके बाद वो नहीं रुके उन्होंने 90वें मिनट में ब्राजील के डिफेंस को भेदते हुए दूसरा गोल कर दिया। आखिरी मिनट में किए इस गोल ने नॉर्वे की जीत और ब्राजील की हार पक्की कर दी थी।

नॉर्वे ने ब्राजील के खिलाफ जीत का जारी रखा सिलसिला

अंत में ब्राजील को गोल करने का मौका पेनल्टी के रूप में इंजरी टाइम में मिला। इस बार मौके के सेकेंड हाफ में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान में आए नेमार जूनियर ने खाली नहीं जाने दिया। लेकिन नेमार का ये प्रयास ब्राजील को जीत दिलाने के लिए नाकाफी रहा। ब्राजील को 2-1 से मात देकर नॉर्वे ने अंतिम 8 टीमों में अपनी जगह पक्की कर ली। ब्राजील के खिलाफ नॉर्वे ने अपना जीत के अनोखे सिलसिले को जारी रखा। इससे पहले दोनों के बीच पांच मैच खेले गए थे जिसमें से तीन में नॉर्वे विजयी रहा है जबकि दो मैच बराबरी पर समाप्त हुए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article