स्पोर्ट्स

क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर विम्बलडन में नोवाक जोकोविच ने तोड़ दिया रोजर फेडरर का रिकॉर्ड

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने विम्बलडन में एक और कारनामा अपने नाम कर लिया। रविवार को उन्होंने विम्बलडन में 106वीं जीत हासिल की। जोकोविच 17वीं बार विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। यह फेडरर के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है।

Image

नोवाक जोकोविच (साभार-X)

सात बार के विम्बलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने रविवार को क्वालीफायर और विश्व रैंकिंग में 132वें स्थान पर काबिज रोमन सफियुलिन की कड़ी चुनौती को पार करते हुए विम्बलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम में रोजर फेडरर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मैच के दौरान जोकोविच कई बार अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आए। पहले सेट में 2-5 से पिछड़ने के बाद उन्हें दो सेट प्वाइंट बचाने पड़े। तीसरे सेट की शुरुआत में सर्विस गंवाने के बाद सेंटर कोर्ट पर सर्बियाई भाषा में कथित तौर पर अपशब्द बोलने के कारण उन्हें अंपायर ने चेतावनी भी दी। इसके बावजूद जोकोविच ने मुकाबला 7-6 (8-6), 6-3, 3-6, 6-3 से जीत लिया।

यह विम्बलडन में उनकी 106वीं मैच जीत थी, जिसके साथ उन्होंने पुरुष वर्ग में रोजर फेडरर (105 जीत) को पीछे छोड़ दिया। हालांकि महिलाओं में मार्टिना नवरातिलोवा के 120 मैच जीत के रिकॉर्ड से वह अब भी पीछे हैं। जोकोविच 17वीं बार विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। यह फेडरर के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है। अब वह अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी फेडरर के आठ विम्बलडन खिताब की बराबरी करने से केवल तीन जीत दूर हैं। हालांकि उन्होंने माना कि खिताब जीतने के लिए उन्हें अपने खेल में और सुधार करना होगा।

जोकोविच ने कहा, ’’फिलहाल मेरी स्थिति ’किसी तरह टिके रहो और आगे बढ़ो’ जैसी है। उम्मीद है कि अब बेहतर प्रदर्शन का दौर आएगा।’’ 39 वर्षीय जोकोविच ने अपने करियर में कभी भी ग्रैंड स्लैम में सफियुलिन जैसी कम रैंकिंग वाले खिलाड़ी या किसी क्वालीफायर से हार नहीं झेली है, लेकिन इस मुकाबले में उन्हें कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

धूप और तेज हवा के कारण वह पहले सेट में लय नहीं पकड़ सके। हालांकि 2-5 से पिछड़ने के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए सेट को टाईब्रेक में पहुंचाया और तीसरे सेट प्वाइंट पर जीत हासिल की। तीसरे सेट में 0-2 से पिछड़ने के बाद उन्हें अंपायर से चेतावनी मिली। सेट गंवाने के बाद उन्होंने निराशा में गेंद को दूर मार दिया, जिस पर दर्शकों ने हूटिंग भी की।

मैच के बाद कोर्ट पर की बातचीत में जोकोविच ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, ’’आज मुझसे कई बार गुस्से का इजहार हुआ और मैं अपना संयम खो बैठा। इसके लिए मैं माफी चाहता हूं। ’’ चौथे सेट में जोकोविच ने 3-0 की बढ़त बनाकर मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया और बिना कोई अंक गंवाए अपनी सर्विस गेम जीतते हुए मैच समाप्त किया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त फेलिक्स ऑगर-अलियासिम और 22वीं वरीयता प्राप्त अलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

महिला एकल वर्ग में लगातार नौवें वर्ष नई विम्बलडन चैंपियन मिलेगी। गत विजेता बारबोरा क्रेजिकोवा चौथे दौर में अपनी ही देश की कैरोलिना मुचोवा से 7-5, 5-7, 6-3 से हार गईं। 2024 की चैंपियन क्रेजिकोवा महिला ड्रॉ में बची हुई एकमात्र पूर्व विम्बलडन विजेता थीं। उनसे पहले इगा स्वियातेक, एलिना राइबाकिना और सेरेना विलियम्स भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी थीं।

अब मुचोवा का सामना दुनिया की नंबर एक आर्यना सबालेंका और 14वीं वरीयता प्राप्त नाओमी ओसाका के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा। वहीं चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका की जेसिका पेगुला ने अपनी हमवतन ईवा जोविच को 4-6, 6-3, 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article