Wimbledon 2024, Novak Djokovic vs Alexei Popyrin: सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए शनिवार को एलेक्सेई पोपिरिन को चार सेट में हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि महिला एकल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ईगा स्वियातेक को शिकस्त का सामना करना पड़ा। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के जोकोविच ने पोपिरिन को 4-6, 6-3, 6-4, 7-6 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
पहला सेट जीतने के बाद हारीं स्वियातेक
दूसरी तरफ स्वियातेक को पहला सेट जीतने के बावजूद ऑल इंग्लैंड क्लब पर तीसरे दौर के मुकाबले में गैर वरीय यूलिया पुतिंत्सेवा ने 3-6, 6-1, 6-2 से हराया। इसके साथ ही स्वियातेक का लगातार 21 मैच में जीत का अभियान भी थम गया। पांच बार की ग्रैंडस्लैम विजेता स्वियातेक को विंबलडन का ग्रास कोर्ट काफी रास नहीं आता है। 2022 में भी एलिज कोर्नेट ने तीसरे दौर में उन्हें हराकर उनके लगातार 37 मैच के विजयी अभियान पर रोक लगाई थी। पुतिंत्सेवा अगले दौर में 2017 फ्रेंच ओपन चैंपियन और 13वीं वरीय येलेना ओस्टापेंका से भिड़ेंगी। महिला एकल में ही 21वीं वरीय एलेना स्वितोलिना ने 10वें नंबर की ओन्स जेब्युर को 6-1, 7-6 से हराया।
