स्पोर्ट्स

World Athletics Championship 2023: नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, बने वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 28, 2023, 02:34 AM IST

Niraj Chopra World Champion: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। ओलंपिक के बाद वो वर्ल्ड चैंपियन भी बन गए हैं।

Image

नीरज चोपड़ा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • नीरज चोपड़ा ने 88.17 मीटर दूर भाला फेंककर जीता वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड
  • बने वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट
  • पिछली बार उन्होंने जीता था सिल्वर, ओलंपिक के बाद बने अब वर्ल्ड चैंपियन

बुडापेस्ट: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने बुडापेस्ट में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया है। नीरज चोपड़ा वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। पिछली बार उन्हें पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था लेकिन एक साल बाद नीरज मेडल का रंग बदलकर उसे सुनहरा करके इतिहास रचने में सफल रहे। पिछली बार 88.13 मीटर की दूरी के साथ उन्हें सिल्वर मिला था। इस बार 88.17 मीटर की दूरी नीरच को वर्ल्ड चैंपियन का खिताब दिलाने के लिए पर्याप्त साबित हुई।

फाउल के साथ की शुरुआत, दूसरे प्रयास में पहुंचे टॉप पर

नीरज चोपड़ा ने फाइनल मुकाबले की शुरुआत फाउल के साथ की। लेकिन दूसरे राउंड में उन्होंने 88.17 मीटर दूरी तक भाला फेंका और लीडरबोर्ड में पहला स्थान हासिल कर लिया। अपने तीसरे प्रयास में नीरज 86.32 मीटर की दूरी हासिल कर सके। दूसरा प्रयास ही उन्हें पहले पायदान पर बनाए रखने के लिए काफी था। चौथे प्रयास में नीरज 84.64 मीटर की दूरी हासिल कर सके। पांचवें प्रयास में 87.73 और छठे प्रयास में 83.98 मीटर तक भाला फेंक सके।

नीरज ने भले ही गोल्ड मेडल अपने नाम किया लेकिन वो क्वालीफिकेशन राउंड की 88.77 मीटर की दूरी को पार नहीं कर सके। ये उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। नीरज ने गोल्ड, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने सिल्वर(87.82 मीटर) के साथ सिल्वर मेडल और चेक रिपब्लिक के वैडलेच (86.67 मीटर) ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

Final Tally

Final Tally

2016 में बने थे जूनियर वर्ल्ड चैंपियन

ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने साल 2016 में अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। इसके बाद वो टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने में सफल रहे। ओलंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल अपने नाम करने में सफल रहे। नदीम अपने आखिरी प्रयास में 81.86 मीटर तक भाला फेंक सके। इसी के साथ ही नीरज चोपड़ा का गोल्ड पक्का हो गया। नदीम ने पहली बार विश्व चैंपियनशिप में भाग लिया था।

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने जीता सिल्वर

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 74.80 मीटर के साथ शुरुआत की। दूसरे प्रयास में वो 82.81 मीटर तक पहुंचे लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने 87.82 मीटर की दूरी हासिल करके दूसरे स्थान पर पहुंच गए। चौथे प्रयास में अरशद 87.15 मीटर दूर ही भाला पहुंचा सके लेकिन अपना सिल्वर मेडल उन्होंने बरकरार रखा। पांचवें प्रयास में अरशद फाउल कर बैठे।

नीरज ने पिछले साल जीता था सिल्वर

साल 2022 अमेरिका में यूजीन (ओरेगॉन) में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा को 88.13 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। ऐसे में वो एक साल बाद रजत पदक को गोल्ड में तब्दील करने में सफल रहे।

सीजन बेस्ट के साथ किया था फाइनल के लिए क्वालीफाई

88.77 मीटर लंबे थ्रो के साथ शुरुआत की और वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। यह उनका मौजूदा सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो था।

ऐसा रहा किशोर जेना और डीपी मनु का हाल

भारत के किशोर जेना ने 75.70 मीटर के साथ शुरुआत की। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 82.82 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। जेना चौथे प्रयास में 80.19 मीटर तक भाला फेंक सके।पांचवें प्रयास में उन्होंने 84.77 की दूरी हासिल की और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड कायम किया। वही डीपी मनु ने पहले प्रयास में 78.74 मीटर तक भाला फेंका। उनका दूसरा प्रयास फाउल रहा। लेकिन तीसरे प्रयास में 83.72 मीटर की दूरी हासिल करके वो पांचवें स्थान पर पहुंच गए। चौथा प्रयास भी उनका फाउल रहा। पांचवें प्रयास में मनु 83.48 मीटर दूर भाला फेंक सके।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article