कॉलेज स्टेशन (टेक्सास)। विश्व कप फुटबॉल शुरू होने में जब केवल तीन दिन का समय बचा है। तब स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी की फिटनेस अर्जेंटीना के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। मेसी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण शनिवार रात होंडुरास के खिलाफ अर्जेंटीना के मैत्री मैच में नहीं खेले, जिससे यह सुनिश्चित नहीं है कि वह विश्व कप में अपनी टीम के पहले मैच तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं।
तीन सप्ताह में 39 वर्ष के होने वाले मेसी ने मैच से पहले अपने साथियों के साथ अभ्यास किया लेकिन अर्जेंटीना की 2-0 से जीत के दौरान वह बेंच पर ही बैठे रहे। टीम ने कहा है कि मेसी कब तक फिट हो पाएंगे यह उनकी शारीरिक और कार्यात्मक प्रगति पर निर्भर करेगा। अर्जेंटीना विश्व कप से पहले अपना अंतिम अभ्यास मैच मंगलवार को ऑबर्न, अलबामा में आइसलैंड के खिलाफ खेलेगा।
अर्जेंटीना 16 जून को एरोहेड स्टेडियम में अल्जीरिया के खिलाफ विश्व कप खिताब का बचाव करने के अपने अभियान की शुरुआत करेगा। माना जा रहा है कि मेसी विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लेंगे। उनके नाम पर विश्व कप में सर्वाधिक 26 मैच खेलने का रिकॉर्ड है। उन्हें विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने के जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोस के 16 गोल के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए केवल चार गोल की जरूरत है।
इससे पहले ही लियोनेल मेसी के विश्व कप से पहले चोटिल होने की आशंका बन गई थी। क्योंकि, अर्जेंटीना के इस स्टार फुटबॉलर ने इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए मैच के बीच में मैदान छोड़ दिया था। इस तरह से मेसी समय से पहले अवकाश पर चले गए और अब मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को बेंच पर बैठना पड़ा है।
मेसी की किसी भी समस्या के बारे में उस वक्त तत्काल कोई पता नहीं चल पाया था। इंटर मियामी के साथ अपने तीन साल के कार्यकाल के दौरान मेसी को कम से कम दो बार हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझना पड़ा है। मेसी ने मैदान छोड़ने से पहले कम से कम एक बार अपनी बायीं हैमस्ट्रिंग को स्पर्श किया और फिर जब उन्हें सब्स्टीट्यूट किया जा सकता था तो वह इंटर मियामी के बेंच की ओर भी नहीं गए।
