अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी और हाल ही में टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले लियोनेल मेसी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल इस बार वह किसी और वजह से चर्चा में है। मेसी का साउथ अमेरिकन फेडरेशन म्यूजियम में एक स्टेच्यू लगने वाला है। उनका यह स्टेच्यू अर्जेंटीना को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले डिएगो मैराडोना और ब्राजील के स्टार पेले के बगल में लगाई जाएगी।
ट्रॉफी के साथ लियोनेल मेसी
इस म्यूजियम में मेसी का जो स्टेच्यू लगाया जाएगा वह उसमें वर्ल्ड कप ट्रॉफी की रेप्लिका थामे नजर आएंगे। इस स्टेच्यू का अनावरण साउथ अमेरिकन फेडरेशन म्यूजियम के एक कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। 35 वर्षीय मेसी ने हाल ही दिसंबर में कतर में आयोजित वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को 36 साल बाद दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनाया था।
इस खबर पर मेसी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा 'मैंने इस बारे में न कभी सपना देखा था और न कभी सोचा था। जब मैं छोटा था तो मेरा सपना बस इतना था कि मैं उस चीज को एंज्वॉय करूं जिससे मैं प्यार करता हूं। मैंने इस दौरान कई बाधाएं भी झेली। उतार-चढ़ाव के बीच मैंने हमेशा जीत दर्ज करना चाहा।
99 गोल कर चुके हैं मेसी
मेसी अपने देश के लिए अब तक 99 गोल कर चुके हैं। और मंगलवार को Curacao के खिलाफ होने वाले फ्रैंडली मैच में उनके पास 100 अंतरराष्ट्रीय गोल करने का मौका होगा। अगर वह ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं तो वह अर्जेंटीना के पहले ऐसे खिलाड़ी होंगे।
