फीफा विश्व कप फाइनल से पहले ’फैनेटिक्स फेस्ट’ में एक मंच पर खेल के दिग्गज हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला। इसमें महानतम सुपर बाउल चैम्पियन टॉम ब्रैडी, टेनिस में सबसे ज्यादा पुरूष ग्रैंडस्लैम जीत चुके नोवाक जोकोविच और बास्केटबाल में चार बार ओलंपिक स्वर्ण जीत चुके केविन ड्यूरेंट जैसे खिलाड़ी शामिल थे लेकिन कार्यक्रम के दौरान इन सभी खिलाड़ियों की इकलौती ख्वाहिश थी ..मेसी के साथ सेल्फी। यह बताता है कि फुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेसी का जादू दिग्गज खिलाड़ियों के भी सिर चढकर बोलता है। मेसी आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय मैच में नजर आएंगे जब रविवार को फीफा विश्व कप फाइनल में स्पेन के खिलाफ खेलने उतरेंगे।
लियोनल मेसी (साभार-X)
फाइनल में हम सब कुछ झोंक देंगे
रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले मेसी ने कहा ,’’हम अपना सब कुछ झोंक देंगे।’’ न्यूजर्सी में सितारों से सजी यह प्रेस कांफ्रेंस रविवार को फाइनल से पहले मेसी का आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रम था। लेकिन फीफा ने न्यूयॉर्क में खेलों के चार दिवसीय जश्न ’फैनेटिक्स फेस्ट’ का इस्तेमाल फाइनल मैच से पहले की कांफ्रेंस की पृष्ठभूमि के रूप में करने का फैसला किया। इससे सैकड़ों प्रशंसकों को मेसी की झलक पाने का मौका मिला।
फाइनल से पहले क्या बोले स्पेन के कप्तान
अर्जेंटीना के खिलाफ फाइनल मुकाबले से पहले स्पेन के कप्तान रौड्री ने कहा ,’’ यह बयां करने के लिये शब्द नहीं है कि बतौर खिलाड़ी मेसी क्या है और अर्जेंटीना के लिये उसके क्या मायने हैं। मेरी नजर में वह दुनिया का महानतम खिलाड़ी है।’’मेसी और अर्जेंटीना और स्पेन के दूसरे खिलाड़ियों और कोच के आने को लाने का एक ही मकसद था कि पारंपरिक मीडिया के सवाल पूछने के बजाय सितारों को खुद सवाल पूछने का मौका मिला।
यमाल के साथ वायरल फोटो पर क्या बोले मेसी
ब्राडी ने मेसी से आजकल वायरल हुई उस तस्वीर के बारे में पूछा जिसमें वह छोटे से बच्चे को नहला रहे हैं और वह बच्चा स्पेन का मौजूदा स्टार लामिन यमाल है।मेसी ने कहा ,’’ क्या क्रेजी तस्वीर है।’’ जोकोविच ने अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी से दबाव का सामना करने के बारे में पूछा और वही सवाल मेसी के लिये दोहराया। उन्होंने स्पेन के कोच लुईस दे ला फुऐंटे और कप्तान रौड्री से भी यही सवाल पूछा।
स्कालोनी ने कहा ,’’ एक और मैच बाकी है । हम इस तथ्य के बारे में नहीं सोच सकते कि यह विश्व कप फाइनल है।’’ मेसी ने कहा ,’’ मैं कई बार कह चुका हूं कि हार नहीं मानना चाहिये और अंत तक लड़ते रहना है।’’ मेसी जब मंच पर आये तो खचाखच भरे थिएटर में सैकड़ों प्रशंसक ताली नहीं बजा सके क्योंकि उनके हाथों में फोन था और इस महान फुटबॉलर को वह कैमरे में कैद करना चाहते थे। मेसी को इसका इल्म था और उन्होंने मुस्कुराकर सभी का अभिवादन किया।
ऐसा लगा कि मेसी ने जाने से पहले ट्रॉफी वाले केस पर एक नजर डाली होगी। वैसे भी ऐसा नहीं है कि उन्हें याद दिलाने की जरूरत है कि क्या दांव पर लगा है। ब्राजील के 1958 और 1962 खिताब के बाद से किसी भी टीम ने लगातार विश्व कप नहीं जीते हैं और मेसी के पास अपने अनगिनत रिकॉर्ड में एक और उपलब्धि जोड़ने का मौका है।
