स्पोर्ट्स

थाली में सजा के नहीं मिला कुछ, स्पेन के खिलाफ फाइनल से पहले अर्जेंटीना के आलोचकों को लियोनेल मेसी का करार जवाब

क्या फीफा वर्ल्ड कप में कुछ फैसले अर्जेंटीना के पक्ष में लिए गए हैं। ऐसे आरोप लगातार लग रहे हैं। इस पर अब लियोनेल मेसी का जवाब आया है। अर्जेंटीना के सुपरस्टार ने उन आलोचकों को जवाब दिया है जो पक्षपातपूर्ण फैसलों को लेकर मौजूदा विश्व कप चैंपियन टीम की आलोचना कर रहे हैं।

Image

लियोनेल मेसी (साभार- x)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और 2010 की विजेता स्पेन के बीच खेला जाना है। यह मुकाबला न्यू जर्सी में खेला जाएगा। अर्जेंटीना के पास तीसरी टीम बनने का मौका है जिसने बैक टू बैक वर्ल्ड कप जीता हो। इससे पहले कई टीमों ने यह आरोप लगाया है कि रेफरी ने अर्जेंटीना का पक्ष लेते हुए कई निर्णय लिए हैं। इस पर अब मेसी का जवाब आया है। उन्होंने विश्व कप फुटबॉल में अर्जेंटीना की आलोचना करने वालों को संदेश देते हुए कहा कि ’’हमें कुछ भी थाली में सजाकर नहीं दिया गया।’’ अर्जेंटीना के सुपरस्टार ने उन आलोचकों को जवाब दिया है जो पक्षपातपूर्ण फैसलों को लेकर मौजूदा विश्व कप चैंपियन टीम की आलोचना कर रहे हैं।

मेसी ने कहा कि मैच के अंतिम क्षणों में पिछड़ने के बाद वापसी करने की क्षमता से ही उनकी टीम ने लगातार जीत हासिल की तथा इसमें किसी और चीज का हाथ नहीं है। अर्जेंटीना ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 85वें मिनट तक 0-1 से पिछड़ने के बाद 2-1 से जीत हासिल करके लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई जहां उसका सामना रविवार को स्पेन से होगा।

इससे पहले अर्जेंटीना ने केप वर्दे, स्विट्जरलैंड और मिस्र के खिलाफ अंतिम क्षणों में गोल करके जीत हासिल की थी। स्विट्जरलैंड और मिस्र दोनों के कोच ने रेफरी के फैसलों की आलोचना की। मिस्र के होसाम हसन ने तो यहां तक कह दिया कि उनकी टीम उस फुटबॉल व्यवस्था का शिकार हुई है जो मेसी और अर्जेंटीना का पक्ष लेती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी अर्जेंटीना की आलोचना हुई और आरोप लगाए गए कि विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा चाहता है कि अर्जेंटीना एक बार फिर विश्व चैंपियन बने।

मेसी ने इंग्लैंड पर जीत के बाद कहा, ’’पिछले चार साल में हमने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है फिर चाहे आपको यह पसंद हो या न हो और फिर चाहे आप कुछ भी कहें।’’ उन्होंने कहा, ’’हमने फिर से खुद को दुनिया की शीर्ष दो टीमों में स्थापित कर लिया है। यह साबित करता है कि हमने जो कुछ भी किया है वह कोई संयोग नहीं है। हमें कुछ भी थाली में सजाकर नहीं दिया गया।’’

मेसी ने कहा, ’’लगातार दो विश्व कप के फाइनल में पहुंचने की उपलब्धि बहुत कम टीम ने हासिल की हैं और इस टीम ने यह कर दिखाया। अगर हम इंग्लैंड से हार जाते तो लोग तरह-तरह की बातें करने लगते, लेकिन हमने उन्हें मौका ही नहीं दिया।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article