स्पोर्ट्स

गोल्डन बूट अवॉर्डः FIFA वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल से पहले सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप 5 खिलाड़ी, मेस्सी फिर निकले आगे

FIFA World Cup 2026, Highest Goal Scorers: फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को गोल्डन बूट पुरस्कार मिलता है। इस रेस में मौजूदा समय में एक बार फिर लियोनेल मेस्सी आगे हो गए हैं। क्वार्टर फाइनल से पहले जानिए कौन हैं सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप 5 खिलाड़ी।

Image

लियोनेल मेस्सी गोल्डन बूट अवॉर्ड की रेस में सबसे आगे

Photo : AP

FIFA World Cup, Race For Golden Boot: अर्जेंटीना और मिस्र के बीच फीफा विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक मुकाबला खेला गया। राउंड ऑफ 16 के इस नॉकआउट मैच में एक समय विश्व चैंपियन अर्जेंटीना की टीम 0-2 से पिछड़ रही थी लेकिन फिर लियोनेल मेस्सी का जादू ऐसा चला कि निर्धारित समय में ही जबरदस्त पलटवार करते हुए मैच खत्म होने से पहले अर्जेंटीना ने 3-2 से जीत दर्ज कर ली। इस दौरान लियोनेल मेस्सी ने मिस्र के खिलाफ अटलांटा के मैदान पर इस विश्व कप में अपना आठवां गोल दागा और 'गोल्डन बूट' की दौड़ में आगे निकलने के साथ टूर्नामेंट में लगातार गोल करने का सिलसिला नौ मैचों का कर लिया।

मेस्सी ने विश्व कप कैरियर का 21वां और इस विश्व कप का आठवां गोल 83वें मिनट में गोंजालो मोंटियेल की मदद से दागा और अर्जेंटीना को 2-2 से बराबरी भी दिलाई। इससे पहले 19वें मिनट में वह पेनल्टी चूक गए थे। विश्व कप के मैचों में लगातार गोल करने का मेस्सी का सिलसिला 2022 से चला आ रहा है। वह लगातार नौ मैचों में 13 गोल कर चुके हैं।

एमबाप्पे और हालैंड से आगे निकले मेस्सी

अब सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को मिलने वाले 'गोल्डन बूट' अवॉर्ड की दौड़ में मेस्सी फ्रांस के कीलियन एमबाप्पे और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड से एक गोल आगे निकल गए हैं।

जबकि तीसरे नंबर पर हैं इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन जिनके छह गोल हैं। मेस्सी 2022 विश्व कप में 'गोल्डन बूट' की दौड़ में एमबाप्पे के बाद दूसरे स्थान पर थे। वहीं 2014 में उन्होंने चार गोल करके तीसरा स्थान हासिल किया था। आइए अब जान लेते हैं कि गोल्डन बूट की रेस में टॉप 5 खिलाड़ी कौन से हैं, सबसे दिलचस्प बात ये है कि इन 5 खिलाड़ियों में तीन खिलाड़ी मेस्सी, एमबाप्पे और हैरी केन अपनी-अपनी टीमों के कप्तान भी हैं।

गोल्डन बूट की रेस के टॉप 5 खिलाड़ी (Golden Boot Race)

1. लियोनेल मेस्सी (अर्जेंटीना) - 8 गोल, 1 असिस्ट

2. काइलियन एमबाप्पे (फ्रांस)- 7 गोल, 2 असिस्ट

3. अर्लिंग हालैंड (नॉर्वे)- 7 गोल, 0 असिस्ट

4. हैरी केन (इंग्लैंड)- 6 गोल, 1 असिस्ट

5. ओस्मान डेम्बेले (फ्रांस) - 4 गोल, 2 असिस्ट

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article